
395 लाख से बनेंगी सडक़ें, सुगम होगा आवागमन
हिण्डौनसिटी. विधानसभा चुनावों की आहट के साथ ही क्षेत्र में सडक़ निर्माण का काम जोरों पर चल रहा है। चुनाव की आचार संहिता जाने कब लग जाए, इस आशंका में सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारी व विधायक सडक़ों का उद्घाटन करने में व्यस्त हैं।
शुक्रवार को भी विधायक राजकुमारी जाटव ने 395 लाख रुपए की लागत से बनने वाली सडक़ों का शिलान्यास कर चार गावों मे निर्माण कार्य शुरु कराया। सडक़ निर्माण के बाद इन गांवों से आसपास के 50 से अधिक गांव जुड़ जाएंगे। इसके साथ ही कीचड भरे रास्तों पर आवागमन से परेशान ग्रामीणों को भी राहत मिल सकेगी।
निजी सचिव ओपी चौधरी ने बताया कि विधायक ने जटनंगला से शेरपुर गांव होते हुए जगर तक 42 लाख 57 हजार रुपए, सूरौठ से भुकरावली गांव तक 45 लाख 57 हजार रुपए, सूरौठ से विजयपुरा, बेरखेड़ा, बाजना होकर हिण्डौन तक 266 लाख 88हजार रुपए व ढहरा से टंकोली हनुमान मंदिर तक 40 लाख रुपए की लागत से बनने वाली सडक़ों का शिलान्यास किया। पूजा के बाद विधायक ने शिला पट्टिकाओं का अनावरण किया। तथा भूमि पूजन कर सडक़ निर्माण की शुरुआत कराई। ग्रामीणों ने विधायक को शॉल ओढा व माला पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता जयलाल मीणा, सहायक अभियंता रामराज मीणा, कनिष्ठ अभियंता संदीप वर्मा, सूरौठ मंडल अध्यक्ष भोलेशंकर शर्मा, राजेश जाटव आदि मौजूद थे।
तीन घंटे बिजली बंद रहेगी
हिण्डौनसिटी.
पुरानी रीको स्थित 33 केवी विद्युत ग्रिड सब स्टेशन पर मरम्मत कार्यके चलते शनिवार सुबह तीन घंटे बिजली बंद रहेगी।
सहायक अभियंता महेंद्र कुमार कामबार ने बताया कि सुबह 8 बजे से 11 बजे तक फीडरों पर मरम्मत कार्य किया जाएगा। इस दौरान मण्डावरा, क्यारदा, बाजना, मिस्त्री मार्केट, झंडूकापुरा, वर्धमान नगर, पटेल मार्ग, कैलाश नगर व मूडिया का पुरा की बिजली आपूर्ति बंद रहेगी।
चार घंटे बंद रहेगी बिजली
नांगलशेरपुर 132 केवी विद्युत ग्रिड स्टेशन पर मरमत कार्य के चलते इससे जुड़े आधा दर्जन फीडरों की विद्युत सप्लाई शनिवार सुबह सात बजे से11 बजे तक बंद रहेगी। कनिष्ठ अभियंता रिंकू मीणा ने बताया कि 33 केवी जीएसएस कंजौली, जगदीशपुरा, सिंघनिया, मोहनपुरा, तिघरियां, नांगलशेरपुर से जुडे गांवों की विद्युत सप्लाई बंद रहेगी।
Updated on:
29 Sept 2018 10:04 am
Published on:
29 Sept 2018 10:04 am
