
घर से लापता हुई तीन वर्षीय बालिका ट्रेन से पहुंची शहर, पुलिस की मदद से पांच घंटे में मिले परिजन
हिण्डौनसिटी. समीप के सिकरौदा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में लावारिस मिली साढ़े तीन वर्षीय बालिका के परिजन सदर थाना पुलिस ने पांच घंटे में खोज निकाले। पुलिस ने इसके लिए कई व्हाट्सएप गु्रप व सोशल मीडिय़ा का सहारा लिया। सूचना मिलने पर देर शाम मोहचाका पुरा से थाने पहुंचे परिजनों के नयन बालिका को देख सजल हो उठे।
सदर थानाप्रभारी लोकेन्द्रसिंह ने बताया कि पीलोदा थाना क्षेत्र के गांव मोहचाका पुरा स्थित संत के आश्रम पर गुरु पूर्णिमा के अवसर बुधवार को मेला लगा था। मेले में शामिल होने के लिए हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ आश्रम पर जुटी थी। उन्होने बताया कि आश्रम के समीप ही शशि कुमार मीणा का घर है। उसकी साढ़े तीन वर्षीय पुत्री आराध्या किसी के साथ ट्रेन में बैठकर आ गई। ट्रेन में झारेड़ा गांव निवासी शिवसिंह जाटव व उसकी पत्नी भी यात्रा कर रही थी। सिकरौदा रेलवे स्टेशन पर वे ट्रेन से उतरने लगे तो बालिका शिवसिंह की पत्नी की साड़ी से लिपट कर रोने लगी। इस पर शिवसिंह ने बालिका को भी अपने साथ ट्रेन से उतार लिया। बाद में वे उसे सदर थाने लेकर पहुंचे। जहां थानाप्रभारी ने बालिका के फोटो खींच कर व्हाट्स गु्रप व सोशल मीडिया गु्रपों में शेयर किए। बालिका के परिजनों का पता चलने पर सक्रिय हुई पीलोदा थाना पुलिस ने सदर थाना प्रभारी से संपर्क किया। बाद में देर शाम थाने पहुंची मां सुमनदेवी व परिजनों को पुलिस ने बालिका को सौंप दिया। मां को देख बालिका उससे लिपट गई।
भैंस चोरी का आरोपी गिरफ्तार
पांच वर्ष से था फरार
हिण्डौनसिटी. फुलवाड़ा गांव से भैंस चोरी करने के मामले में पांच वर्ष से फरार आरोपी को कोतवाली थाना पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया।
हैडक़ांस्टेबल सुंदरसिंह ने बताया कि आरोपी भरतपुर जिले के सिंगरावली निवासी विशाल गुर्जर है। जिसने वर्ष २०१३ में फुलवाडा गांव से एक भैंस को चुराया था। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए न्यायालय ने स्थाई वारंट जारी किए थे। जिस पर कांस्टेबल परमजीत गुर्र्जर व मानसिंह ने मुखबिर की सूचना पर भरतपुर से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
Published on:
25 Oct 2018 04:58 pm
