
शिक्षा के मंदिर में मदिरा गटक चित हुआ हैडमास्टर, पुलिस ने पहुंचाया हवालात
हिण्डौनसिटी. सरौठ चिनायटा ग्राम पंचायत के खातीपुरा गांव स्थित राजकीय प्राथमिक स्कूल में बुधवार को सुबह जब बच्चे पढऩे पहुंचे तो विद्यालय का हैडमास्टर नशे में धुत्त मिला। हालात ये थे कि नशे में लडख़ड़ा रहे हैडमास्टर को सही तरह खड़ा भी नहीं हुआ जा रहा था। ऐसे में वह विद्यालय के बरामदे में जमीन पर चित्त होकर लेट गया। बच्चों ने इस बारे में अभिभावकों को जानकारी दी तो अभिभावकों की सूचना पर पहुंची सूरौठ थाने की पुलिस ने हैडमास्टर को गिरफ्तार कर लिया तथा राजकीय चिकित्सालय में मेडिकल कराया। पुलिस ने हैडमास्टर के खिलाफ केस दर्ज किया है।
सूरौठ के थानाप्रभारी शरीफ अली ने बताया कि खातीपुरा के ग्रामीणों की सूचना पर राजकीय प्राथमिक स्कूल पहुंची पुलिस ने मौके पर पाया कि हैडमास्टर प्यार सिंह मीना शराब के नशे में इस कदर धुत्त था कि वह विद्यालय के कमरे के बाहर बरामदे में जमीन पर ही लेटा हुआ था। उसके मुंह से बुरी दुर्गन्ध आ रही थी। विद्यालय के बच्चों ने पूछने पर बताया कि हैडमास्टर प्यार सिंह सुबह ९ बजे विद्यालय पहुंचा तो नशे में धुत्त होने के कारण विद्यालय परिसर में बाइक खड़ी कर कक्षा कक्ष के बाहर बरामदे में जमीन पर ही लेट गया। हैडमास्टर मीना के नशे में धुत्त होने के कारण सुबह प्रार्थना भी नहीं हो पाई।
ऐसे में घर पहुंचे बच्चों ने अभिभावकों को हैडमास्टर के बारे में बताया तो काफी ग्रामीण विद्यालय में एकत्र हो गए, जिन्होंने ब्लॉक शिक्षा अधिकारी एवं सूरौठ के थानाप्रभारी को सूचना देकर अवगत कराया। थानाप्रभारी ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर हिण्डौन के अतिरिक्त ब्लॉक शिक्षा अधिकारी मौके पर पहुंचे, जिनके सामने नशे में विद्यालय में धुत्त पड़े मिले हैडमास्टर प्यार सिंह को गिरफ्तार कर लिया। सूरौठ के राजकीय चिकित्सालय में उसका मेडिकल कराया गया। थानाप्रभारी ने इस बारे में जिला शिक्षा अधिकारी को भी अवगत कराया है।
हैडमास्टर से डर गए बच्चे-
खातीपुरा के कई अभिभावकों ने बताया कि बुधवार को सुबह बच्चे विद्यालय गए, लेकिन कुछ देर बाद ही डरे-सहमे वापस घर लौट आए। नशे में धुत्त होने से हैडमास्टर अनाप शनाप बोल रहा था। और इधर-उधर गिर रहा था। इससे बच्चे डर गए और स्कूल से घर पहुंच अभिभावकों को जानकारी दी।
एक दिन पहले ही दी थी चार्जशीट
ब्लॉक शिक्षा अधिकारी बल्लभराम लहकोडिया ने बताया कि खातीपुरा के राजकीय प्राथमिक विद्यालय में ४४ बच्चों पर दो शिक्षक प्यार सिंह मीना व रघुवीर मीना कार्यरत हैं। इनमें प्यार सिंह मीना हैडमास्टर है। शिक्षक रघुवीर कुछ दिनों से विद्यालय नहीं पहुंच रहे हैं, जबकि प्यार सिंह के बारे में ग्रामीणों से लगातार शिकायतें मिल रही थी।
उन शिकायतों के आधार पर उसे नोटिस दिया गया। उसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने चार्जशीट जारी की थी, जिसे देने के लिए वे स्वयं मंगलवार को विद्यालय पहुंचे तो विद्यालय में 44 में से एक भी विद्यार्थी उपस्थित नहीं मिला। ग्रामीणों ने पूछताछ में पुष्टि की कि हैडमास्टर प्यार सिंह देरी से आने के साथ अधिकतर नशे में विद्यालय आता है। इस बारे में जिला शिक्षा अधिकारी ने गंभीरता जताते हुए प्यार सिंह के खिलाफ 17 सीसी के तहत चार्जशीट जारी की थी, जिसे प्यार सिंह को देकर प्राप्ति ली थी।
Published on:
11 Jul 2018 09:25 pm
