
घर में मामूली कहासुनी.... और दो मासूमों को गोद में ले ट्रेन के सामने जान देने आ गई महिला
हिण्डौनसिटी. अपने के जिगर के टुकड़ों को कलेजे से लगा रविवार शाम को एक महिला जान देने के लिए ओरवब्रिज के पास रेलवे ट्रेक पर आ गई। फिर मासूम बच्चों के लिए दिल में ममता उमड़़ी तो महिला पटरी से पीछे हटने लगी, लेकिन ट्रेन के इंजन की चपेट से दो वर्षीय बेटे के मौत हो गई। वहीं गोद से छिटक कर गिरी पांच वर्षीय बालिका बाल-बाल बच गई। ट्रेन की चपेट से महिला भी गंभीर घायल हो गई।
लोगों की सूचना पर पहुंची जीआरपी ने तीनों को राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। जीआरपी ने पोस्टमार्टम करवा बच्चे का शव परिजनों को सौंप दिया।
रेलवे सूत्रों के अनुसार शाम करीब 4 बजे करीब ओवर ब्रिज के पास दो बच्चों को गोद में लिए बैठी महिला गढ़ी बांधवा गांव निवासी सुमन (25) पत्नी देशराज मीणा ट्रेन आती देख डाउन ट्रैक पर जा पहुंची। धड़धड़ाती ट्रेन को आती देखी तो दोनों मासूमों को जीवन बचाने के लिए महिला ट्रैक से पीछे खिसकने लगी। इस बीच दो वर्षीय पुत्र रिषभ इंजन की चपेट में आ गया। सिर में चोट लगने से उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। वहीं ट्रेन के तनिक छू जाने से सुमन का सिर फट गया और बाएं हाथ की कलाई में फ्रैक्चर आ गया। ट्रेन के झड़प लगने से गोद से पांच वर्षीय बेटी संजना छिटक कर दूर जा गिरी। हालांकि उसे खरोंच तक नहीं आई।
ब्रिज के आस-पास मौजूद लोगों कर सूचना पर ड्यूटी स्टेशन मास्टर राजेंद्र प्रसाद गोयल ने आरपीएफ और जीआरपी को सूचित किया। जीआरपी के सहायक उपनिरीक्षक रमणलाल व हैडकांस्टेबल यशपाल ने मौके से घालय महिला व बच्चों को चिकित्सालय पहुंचाया। परिजनों के आने पर बच्चों का पोस्टमार्टम किया गया। महिला चिकित्सालय में उपचाराधीन है।
सुबह 10 बजे निकली घर से-
घायल महिला के तहारपुर(सूरौठ) निवासी भाई राहुल मीणा व रविराज ने बताया कि सुमन घरेलू कारणों से सुबह 10 बज ससुराल गढ़ी बांधवा से दोनों बच्चों को साथ लेकर निकल आई थी। ससुराजनों के संदेश पर वे उसके पीहर आने की बाट जोह रहे थे। शाम करीब पांच बजे जीआरपी की सूचना पर घटना की जानकारी मिली। रविवार ने बताया कि उसकी छोटी बहन पुष्पा की इसी घर में देशराज के छोटे भाई ऋषिराज से शादी हुई है।
नाम-पता बता हो गई अचेत-
जीआरपी के हैडकास्टेबल यशपाल ने बताया कि ट्रैक के पास घायलावस्था में मिली महिला खुद का नाम, ससुराल व पीहर का पता बताया और अचेत हो गई। इस पर महिला के पीहर व ससुरालजनों को सूचित किया गया।
अज्ञात ट्रेन की चपेट में आए महिला बच्चे-
ड्यूटी स्टेशन मास्टर राजेंद्र प्रसाद गोयल ने बताया कि महिला प बच्चे कौनसी ट्रेन की चपेट में आए। इसका पता नहीं चल सका। घटना के 15 मिनट के अंतराल में डाउन लाइन से चार गुड्स ट्रेन निकलीं। किसी ट्रेन के लोको पायलट द्वारा स्टेशन पर घटना की सूचना नहीं दी गई।
Published on:
10 Mar 2019 10:58 pm
