
होम्योपैथी चिकित्सक इंडिया डागुर (फोटो- पत्रिका)
करौली: राजस्थान के जोधपुर में आवारा पशुओं का आतंक एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। रविवार रात करवड़ थाना इलाके में टूंट की बाड़ी के पास एक आवारा सांड से टकराने के बाद 26 वर्षीय महिला होम्योपैथिक डॉक्टर इंडिया डागुर की मौत हो गई।
बता दें कि अंधेरे के कारण सड़क पर खड़ा सांड दिखाई नहीं दिया, जिससे स्कूटी सीधे उससे जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि सांड का सींग डॉक्टर के गले में गहरे तक धंस गया।
पुलिस जांच अधिकारी बंशीलाल के अनुसार, मूल रूप से करौली जिले के हिंडौन सिटी (खेड़ी हैवत) निवासी डॉ. इंडिया डागुर जोधपुर के आयुर्वेद विश्वविद्यालय के होम्योपैथिक विभाग में संविदा पर कार्यरत थी।
रविवार रात करीब 8:15 बजे वह शहर से काम निपटाकर अपनी स्कूटी से वापस आयुर्वेद हॉस्पिटल के हॉस्टल लौट रही थी। गली में अंधेरा होने की वजह से वह सड़क पर खड़े सांड को नहीं देख पाई।
टक्कर लगते ही सांड का सींग डॉक्टर की गर्दन में घुस गया, जिससे भारी रक्तस्राव होने लगा। हालांकि, डॉक्टर ने हेलमेट पहन रखा था। लेकिन गर्दन पर लगे घातक वार के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
आसपास के लोग उन्हें तुरंत निजी श्रीराम हॉस्पिटल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को मथुरादास माथुर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।
डॉ. इंडिया डागुर अपने दो बहनों और एक भाई में सबसे छोटी थी। उनके पिता डॉ. बिजेंद्र सिंह डागुर निर्मल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के प्राचार्य हैं। परिजनों ने बताया कि महज दो महीने पहले ही वह अपने भाई की शादी में शामिल होने गांव आई थी। सोमवार शाम जब डॉक्टर की पार्थिव देह उनके पैतृक गांव खेड़ी हैवत पहुंची, तो पूरे इलाके में मातम छा गया।
Updated on:
28 Apr 2026 03:06 pm
Published on:
28 Apr 2026 03:06 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
