
फायरिंग से टूटा कार का शीशा। फोटो- पत्रिका
हिण्डौनसिटी। शहर की आनंद विहार कॉलोनी निवासी जिला जाटव समाज सुधार समिति 360 गांव के युवा अध्यक्ष हरिओम ठेकेदार पर अज्ञात दो युवकों ने फायरिंग कर जानलेवा हमला कर दिया। यह घटना महवा थाना क्षेत्र में गाजीपुर टोल प्लाजा और महवा के बीच हुई। हमले में हरिओम और उनके चाचा साहिल बाल-बाल बच गए, लेकिन गोली लगने से उनकी कार के दोनों ओर के शीशे टूट गए।
यह वीडियो भी देखें
हरिओम ने बताया कि वे झाड़ीसापुरा गांव में एक शादी समारोह से लौट रहे थे। इस दौरान सुनसान सड़क पर खड़े दो युवकों ने अचानक उनकी गाड़ी को निशाना बनाते हुए फायरिंग कर दी। गोली बाईं ओर की खिड़की का शीशा तोड़ते हुए ड्राइवर साइड तक निकल गई, जिससे गाड़ी के दोनों तरफ के शीशे चकनाचूर हो गए। अचानक हुए इस हमले से वे घबरा गए, लेकिन हिम्मत दिखाते हुए गाड़ी को सीधे टोल प्लाजा तक लेकर पहुंचे।
घटना के तुरंत बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही महवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। हमलावर फायरिंग करने के बाद मौके से भागकर खेतों की ओर फरार हो गए। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में उनकी तलाश शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से खाली कारतूस और अन्य साक्ष्य जुटाए। हरिओम ने महवा थाने में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है।
हरिओम ने बताया कि उनकी किसी से कोई व्यक्तिगत रंजिश नहीं है, लेकिन उन्हें आशंका है कि हमला राजनीतिक कारणों से जुड़ा हो सकता है। इस घटना के बाद उनके परिवार में दहशत का माहौल है। घटना की जानकारी मिलते ही जाटव समाज के प्रमुख लोगों ने इसकी कड़ी निंदा की है और पुलिस प्रशासन से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। साथ ही समाज के लोगों ने हरिओम और उनके परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की भी मांग उठाई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Published on:
22 Apr 2026 08:10 pm
बड़ी खबरें
View Allकरौली
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
