
अमरगढ़ स्थित श्रीजी मंदिर में प्रतिमा चोरी प्रकरण की जांच के दौरान जानकारी लेते पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल। फोटो पत्रिका
Karauli : करौली के सपोटरा के अमरगढ़ गांव स्थित ऐतिहासिक श्रीजी मंदिर से चार दिन पहले हुई अष्टधातु की राधारानी प्रतिमा चोरी के मामले का खुलासा करने के लिए पुलिस लगातार जांच पड़ताल कर रही है। जांच के दौरान पुलिस को चोरी हुई प्रतिमा की पोशाक अमरगढ़ के माली पाड़ा स्थित पुराने मंदिर भवन के समीप जंगल क्षेत्र में बरामद हुई है। पोशाक मिलने के बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में तलाशी अभियान और जांच तेज कर दी है। जिससे की वारदात का जल्द खुलासा हो सके।
जानकारी के अनुसार श्रीजी मंदिर से अष्टधातु की राधारानी प्रतिमा के साथ भगवान के श्रृंगार में उपयोग होने वाले चांदी के आभूषण भी चोरी हो गए थे। गुरुवार को करौली पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल ने घटनास्थल पहुंचकर मंदिर परिसर का जायजा लिया। साथ ही जांच की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने गर्भगृह और आस-पास के क्षेत्र का जायजा लेकर मामले के शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए।
इस दौरान सपोटरा पुलिस उप अधीक्षक सुनील कुमार, थाना अधिकारी अबजीत कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस के अनुसार जांच के दौरान मालीपाड़ा के पास पुराने मंदिर भवन के समीप जंगल क्षेत्र में राधारानी प्रतिमा की पोशाक बरामद हुई है। घटनास्थल पर पहुंची एफएसएल टीम ने भी आवश्यक साक्ष्य जुटाए। ऐसे में आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार होने की उम्मीद है।
करौली के बालघाट में क्राइम की एक और घटना के अनुसार जहांनगर मोरड़ा गांव में बुधवार रात एक मकान में चोर घुस गए। इस दौरान मकान में लोगों के जागने से चोरी की वारदात सफल नहीं हो सकी। चोर भाग गए।
मकान मालिक चन्द्रभान सिंह चौहान निवासी मोरडा ने बताया कि वह रात्रि के समय मकान की छत पर सो रहा था। मुख्य गेट खुलने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर उनकी नींद खुल गई। नीचे देखने पर एक संदिग्ध व्यक्ति घर के अंदर दिखाई दिया। शोर मचाने और पीछा करने पर वह भाग निकला। उन्होंने बताया कि बदमाश के भागने के बाद उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल से उसका पीछा किया, लेकिन वह अपने अन्य साथियों के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर फरार हो गया।
ग्रामीणों के अनुसार तीन संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल पर आए थे, जो घटना के बाद तेजी से मौके से निकल गए। घटना की सूचना आस-पास के लोगों को दी। इस दौरान लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने रात्रि के समय गांव में गश्त बढ़ाने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की मांग की है।
Published on:
05 Jun 2026 01:45 pm
बड़ी खबरें
View Allकरौली
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
