
क्षतिग्रस्त वाहन। फोटो- पत्रिका
जालोर/बागोड़ा। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के काफिले में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। काफिले में शामिल पुलिस की एस्कॉर्ट गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में एक एएसआई सहित दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
यह वीडियो भी देखें
यह हादसा बागोड़ा थाना क्षेत्र के मेड़ा गांव के पास भारतमाला एक्सप्रेस-वे से जुड़ी एमडीआर सड़क पर दोपहर करीब 3 बजे हुआ। जानकारी के अनुसार मदन राठौड़ बाली क्षेत्र में भाजपा जिलाध्यक्ष जसराज राजपुरोहित के यहां आयोजित शादी समारोह में शामिल होकर पाली लौट रहे थे। इसी दौरान उनके काफिले में शामिल पुलिस की 112 एस्कॉर्ट गाड़ी का स्टेरिंग अचानक फेल हो गया।
स्टेरिंग फेल होते ही गाड़ी ड्राइवर के नियंत्रण से बाहर हो गई और सड़क पर पलट गई। हादसे में बागोड़ा थाने में तैनात एएसआई नरसाराम के हाथ में फ्रैक्चर हो गया, जबकि ड्राइवर कॉन्स्टेबल साबिर खान को हल्की चोटें आईं। अन्य पुलिसकर्मियों को भी मामूली चोटें आई हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही मदन राठौड़ ने तुरंत अपना काफिला रुकवाया और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए। इसके बाद घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों की हालत फिलहाल सामान्य बताई जा रही है।
बागोड़ा थानाधिकारी बलदेवराम ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गाड़ी का स्टेरिंग फेल होने के कारण यह हादसा हुआ। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है, ताकि तकनीकी कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सके। इस घटना ने एक बार फिर वीआईपी काफिलों की सुरक्षा व्यवस्था और वाहनों की तकनीकी जांच को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
हालांकि समय रहते स्थिति संभाल ली गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। इससे पहले आहोर थाना परिसर में मंगलवार दोपहर अचानक लगी आग ने बड़ा नुकसान पहुंचा दिया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में वहां खड़ी जब्तशुदा गाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। आग से 40 से अधिक बाइक जलकर राख हो गईं।
Updated on:
21 Apr 2026 08:46 pm
Published on:
21 Apr 2026 08:39 pm
बड़ी खबरें
View Allजालोर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
