
wedding demo pic
Karauli News: राजस्थान के करौली जिले से हैरान करने वाला घटनाक्रम सामने आया है। फेरों के दौरान दूल्हे का फोन बजा, फेरे लेते हुए दूल्हा बात करने लगा और फिर आखिरी फेरे से पहले उसने शादी करने से इंकार कर दिया। दुल्हन और उसके परिवार ने गुस्से में दूल्हे और उसके नजदीकी रिश्तेदारों को बंधक बना लिया। बाद में मामला पुलिस तक पहुंचा और फिर पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की। हांलाकि बाद में दोनों ही पक्षों ने पुलिस की कार्रवाई से इंकार कर दिया। नादौती थाना पुलिस की इस मामले पर नजर है।
दरअसल शनिवार को नादौती उपखंड के एक गांव में शादी समारोह चल रहा था। जानकारी सामने आई कि दूल्हा और दुल्हन पक्ष के तमाम लोग शादी को लेकर खुश थे। कुछ रिश्तेदार खाना खा रहे थे और कुछ मेहमान स्टेज पर फोटो खिंचा रहे थे। उसके बाद फेरों का समय हुआ और देर रात फेरे की तैयारी की जाने लगी। कुछ ही देर के बाद दूल्हा और दुल्हन ने रीति रिवाज के अनुसार फेरे शुरू किए।
परिवार के मुख्य सदस्य दोनों ही पक्षों के वहां मौजूद थे। फेरे लेने के दौरान पांच फेरे पूरे हुए। छटवां फेरा चल रहा था तो दूल्हे के पास फोन आया। उसने फोन उठाया इस दौरान सातवां फेरा भी शुरू हो गया। लेकिन यह फेरा पूरा होने से पहले ही दूल्हा थम गया और उसने सेहरा उतरा दिया। उसका कहना था कि वह शादी नहीं करेगा। इस घटनाक्रम से दुल्हन हक्की-बक्की रह गई। उसके माता-पिता के पैरों तले जमीन सरक गई। दूल्हे के परिवार को भी बेहद ही हैरानी हुई।
बाद में मामला पुलिस तक पहुंचा तो दोनों पक्षों ने पुलिस से अनुरोध किया कि वे अपने स्तर पर मामला सैटल कर लेंगे। उसके बाद मामला समाज की पंचायत के पास पहुंचा। बताया जा रहा है कि दूल्हे ने शादी से इंकार किया तो उसके परिवार को बंधक बना लिया गया। दुल्हन पक्ष को करीब पचास लाख रुपए देने की बात सामने आ रही है। पुलिस ने कहा कि घटनाक्रम पर नजर है। माना जा रहा है कि संभव है फोन दूल्हे की प्रेमिका का था और उसके कहने पर उसने शादी से इंकार कर दिया। दुल्हन पक्ष का खर्च हुआ पैसा लौटाया गया।
Updated on:
12 May 2025 08:30 am
Published on:
12 May 2025 08:30 am
