
कासगंज। जिला जेल कारागार में एक जेल वार्डन समेत दो बंदी रक्षकों के साथ मारपीट कर वर्दी फाड़ने का मामला सामने आया है। मारपीट की वजह दबंगोंं को जबरन जिला कारागार में निरूद्ध बंदी से मिलने से रोकना बताई जा रही है। मारपीट का आरोप पंचलाना प्रधान पर है। इस मामले में सोरों कोतवाली में बंदी रक्षकों की तहरीर पर नत्थू प्रधान समेत 15 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
तमंचा, लाठी डंडों से किया हमला
कासगंज जिला कारागार में तैनात बंदी रक्षक भुवनेश भारद्वाज, संजीव सारस्वत मंगलवार की सुबह गेेट पर अपनी ड्यूटी कर रहे थे। इसी बीच पंचलाना का नत्थू प्रधान आ गया और उसने दोनों पुलिसकर्मियों पर जेल में निरूद्ध कैदी से तत्काल बाहर निकालवा कर मिलवाने का दबाव डाला। इस बात का विरोध किया तो, नत्थू ने अपने 15 अन्य साथियों को बुला लिया और दोनों बंदी रक्षकों के साथ तमंचा लाठी डंडो से मारपीट कर दी। जिससे दोनों बंदी रक्षकों की वर्दी भी फट गई और संजीव का सिर भी फट गया।
सोरों कोतवाली पुलिस ने दोनों बंदी रक्षकों की तहरीर पर पांच नामजद और दस अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
पहले भी की थी बंदीरक्षकों के साथ मारपीट
पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। आपको बतादें कि पचलाना प्रधान नत्थू सिंह पहले भी कई बार विवादों में रहा है। वह पूर्व में भी बंदी रक्षकों के साथ मारपीट कर चुका है। पूर्व में भी बंदी रक्षकों ने इसी प्रधान के खिलाफ मामला दर्ज कराया था, लेकिन पुलिस उक्त प्रधान को गिरफ्तार नहीं कर सकी।