
आरोपी नौशाद एनकाउंटर में गिरफ्तार (Photo- x @ AkhileshGautam)
Kaushambi Firecracker Factory Blast: प्रयागराज-कौशांबी बॉर्डर पर अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। हादसे में 11 लोगों की मौत के बाद फरार चल रहे फैक्ट्री मालिक नौशाद को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, नौशाद शहर छोड़कर भागने की कोशिश में था। मंगलवार तड़के करीब 4 बजे सैय्यद सरावां इलाके में पुलिस ने उसे घेर लिया।
पुलिस का कहना है कि घेराबंदी के दौरान नौशाद ने टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया। घायल नौशाद को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके पास से एक अवैध तमंचा भी बरामद होने की बात पुलिस ने कही है।
मनौरी एयरफोर्स स्टेशन से करीब दो किलोमीटर दूर महमूदपुर मनौरी में चल रही इस पटाखा फैक्ट्री में सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे जोरदार धमाका हुआ था। विस्फोट इतना भीषण था कि फैक्ट्री के साथ आसपास के इलाके में भी भारी नुकसान हुआ। हादसे में अब तक 11 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। मृतकों में आठ बच्चे भी शामिल बताए गए हैं। हादसे में एक रेलवे कर्मचारी का पूरा परिवार खत्म हो गया, जबकि परिवार की सिर्फ एक बेटी के बचने की जानकारी सामने आई है। पांच घायलों का अभी अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे के बाद से ही फैक्ट्री मालिक नौशाद पुलिस की पकड़ से बाहर था। पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में जुटी थीं। अब एनकाउंटर के बाद गिरफ्तारी होने से जांच को आगे बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
पुलिस अब नौशाद से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि धमाके के बाद वह कहां-कहां गया और उसे छिपने या भागने में किसने मदद की। इसके अलावा फैक्ट्री में पटाखों का निर्माण और स्टोरेज किस तरह किया जा रहा था, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। जांच एजेंसियां यह भी जानना चाहती हैं कि इतनी बड़ी मात्रा में पटाखों के निर्माण और भंडारण के लिए सुरक्षा नियमों का पालन किया गया था या नहीं। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि फैक्ट्री कितने समय से संचालित थी और स्थानीय स्तर पर जिम्मेदार अधिकारियों को इसकी जानकारी थी या नहीं।
पिपरी थाने में मामले को लेकर नौशाद समेत छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। नामजद आरोपियों में नौशाद, शकील, शबाना, कहकसा बानो, आदिल और साइना शामिल हैं। घटना के बाद शबाना को हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने की जानकारी भी सामने आई है। अब नौशाद की गिरफ्तारी के बाद पुलिस बाकी आरोपियों की भूमिका को लेकर भी पूछताछ और कार्रवाई आगे बढ़ाएगी।
हादसे के बाद पुलिस प्रशासन ने अपनी कार्रवाई का दायरा आरोपियों तक ही सीमित नहीं रखा। ड्यूटी में लापरवाही के आरोप में पिपरी थाना प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले की जांच के लिए चार पुलिस टीमें बनाई गई थीं।
Updated on:
01 Sept 2026 09:04 am
Published on:
01 Sept 2026 09:04 am
