
सड़क सुविधा (फोटो सोर्स- DPR)
CG News: कवर्धा जिले के पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में बहुप्रतीक्षित सड़क परियोजनाओं को आखिरकार गति मिल गई है। क्षेत्र की विधायक भावना बोहरा ने शनिवार को 30 करोड़ 74 लाख 81 हजार रुपए से अधिक की लागत से बनने वाली तीन प्रमुख सड़क परियोजनाओं का भूमिपूजन किया।
इन परियोजनाओं के शुरू होने से ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों में सड़क कनेक्टिविटी मजबूत होगी और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है। लोक निर्माण विभाग और प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के तहत बनने वाली इन सडक़ों में प्रतापपुर चौक से दामापुर पुल तक 12.70 किलोमीटर सड़क का निर्माण 21 करोड़ 7 लाख 98 हजार रुपए की लागत से किया जाएगा। इसके अलावा दमगढ़ से अमनिया तक 3.65 किलोमीटर सडक़ का निर्माण 7 करोड़ 74 लाख 95 हजार रुपए की लागत से होगा।
वहीं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत पौनी से कोड़ापुरी तक 5.30 किलोमीटर सड़क का निर्माण 1 करोड़ 91 लाख 88 हजार रुपए की लागत से किया जाएगा। इन सड़कों के निर्माण से रूसे-कापा, भगतपुर, कोलेगांव, सेमरकोना, निंगापुर, दामापुर, दमगढ़, अमनिया, पौनी, तिलईभाठ, नवापारा, तोरला और कोड़ापुरी सहित आसपास के सैकड़ों ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा।
भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान विधायक बोहरा ने कहा कि वर्षों से लंबित सड़कों का निर्माण शुरू होने से ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी। उन्होंने कहा कि सड़क केवल आवागमन का साधन नहीं बल्कि विकास की आधारशिला होती है, क्योंकि सडक़ बनने से किसान अपनी उपज आसानी से बाजार तक पहुंचा सकते हैं, बच्चों को शिक्षा और मरीजों को समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल पाती हैं। भूमिपूजन कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, मंडल अध्यक्ष, जिला और जनपद सदस्य सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में वर्तमान में 400 किलोमीटर से अधिक सड़कों का विस्तार किया जा रहा है। इसके साथ ही गांवों में पेयजल, स्वच्छता, विद्युत व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा सुविधाओं को भी मजबूत करने का काम जारी है। विधायक बोहरा ने कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में उनका पहला दायित्व क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को समझना और उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास करना है। आने वाले समय में भी सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और रोजगार के क्षेत्र में नए विकास कार्य किए जाएंगेए ताकि पंडरिया विधानसभा क्षेत्र विकास के नए आयाम स्थापित कर सके।
Published on:
15 Mar 2026 02:29 pm
बड़ी खबरें
View Allकवर्धा
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
