
गांजा तस्करी का भंडाफोड़! 5 करोड़ का 900 किलो मादक पदार्थ बरामद, राजस्थान का आरोपी गिरफ्तार(photo-patrika)
CG Ganja Smuggler: छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कबीरधाम पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। छत्तीसगढ़–मध्यप्रदेश सीमा पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कंटेनर के गुप्त चैंबर में छिपाकर ले जाए जा रहे करीब 9 क्विंटल (900 किलो) गांजे की खेप जब्त की है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 5 करोड़ रुपये आंकी गई है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि नागालैंड पासिंग एक कंटेनर के माध्यम से ओडिशा से राजस्थान की ओर भारी मात्रा में गांजा ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर थाना चिल्फी क्षेत्र में घेराबंदी कर संदिग्ध कंटेनर को रोका गया। तलाशी के दौरान वाहन में बनाए गए विशेष गुप्त चैंबर से 30-30 किलो की 30 बोरियों में भरा गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से पूरी खेप जब्त कर ली।
पुलिस के अनुसार तस्करी में प्रयुक्त कंटेनर की कीमत लगभग 50 लाख रुपये बताई जा रही है, जिसे भी जब्त कर लिया गया है। इस मामले में आरोपी आयाज खान (निवासी भरतपुर, राजस्थान) को गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी यह खेप ओडिशा से राजस्थान पहुंचाने की तैयारी में था। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
जिले के पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। इस कार्रवाई को जिले में नशा कारोबार पर करारा प्रहार माना जा रहा है।
Published on:
24 Feb 2026 01:29 pm
