9 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Kawardha News: बड़ी सौगात: 50 लाख की लागत से लगा 3.15 एमवीए ट्रांसफार्मर, इन 12 गांवों को मिलेगा सीधा लाभ

Kawardha News: मुख्यमंत्री विद्युत अधोसंरचना विकास योजना के तहत राजानवागांव उपकेंद्र में अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर स्थापित कर उसे चालू कर दिया गया है, जिससे अब हजारों ग्रामीण उपभोक्ताओं और किसानों को बेहतर व निर्बाध बिजली आपूर्ति का लाभ मिलेगा।

2 min read
Google source verification
बढ़ी विद्युत क्षमता (फोटो सोर्स- पत्रिका)

बढ़ी विद्युत क्षमता (फोटो सोर्स- पत्रिका)

Kawardha News: कबीरधाम जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री विद्युत अधोसंरचना विकास योजना के तहत ग्राम राजानवागांव स्थित 33/11 केवी उपकेंद्र में 3.15 एमवीए क्षमता का अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर स्थापित कर उसे सफलतापूर्वक उर्जीकृत किया गया है।

क्षमता में बड़ा इजाफा, अब 11.30 एमवीए

करीब 50 लाख रुपए की लागत से पूर्ण हुए इस कार्य के बाद राजानवागांव उपकेंद्र की कुल विद्युत क्षमता 8.15 एमवीए से बढ़कर 11.30 एमवीए हो गई है। इससे क्षेत्र में बढ़ती बिजली मांग को बेहतर तरीके से पूरा किया जा सकेगा और भविष्य की जरूरतों को भी ध्यान में रखा गया है।

लो वोल्टेज और ओवरलोडिंग से मिलेगी राहत

नई व्यवस्था लागू होने के बाद लंबे समय से चली आ रही लो वोल्टेज और ओवरलोडिंग की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। विशेष रूप से धान, मक्का और गन्ना जैसी फसलों के सीजन में बढ़ने वाले बिजली लोड के दौरान अब किसानों को बार-बार बिजली कटौती और वोल्टेज की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा।

12 गांवों के हजारों उपभोक्ताओं को फायदा

इस परियोजना का सीधा लाभ राजानवागांव, भोरमदेव, चिखली, कोडार, अमलीडीह, रेंगाखार, बेंदरची, रौचन, चौरा, छपरी, दियाबार और भालूचुवा सहित 12 गांवों के लगभग 2310 उपभोक्ताओं को मिलेगा। इससे ग्रामीण उपभोक्ताओं को निर्बाध और उच्च गुणवत्ता वाली बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी।

अधिकारियों का दावा- गुणवत्तापूर्ण सप्लाई होगी सुनिश्चित

छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, राजनांदगांव क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक शिरीष सेलट ने बताया कि अतिरिक्त ट्रांसफार्मर के स्थापित होने से क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित होगी। साथ ही भविष्य में बढ़ती मांग को भी संतुलित किया जा सकेगा।

ग्रामीण विकास को मिलेगा नया आधार

अधिकारियों के अनुसार, मुख्यमंत्री विद्युत अधोसंरचना विकास योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। इस अतिरिक्त ट्रांसफार्मर की स्थापना से न केवल बिजली आपूर्ति में सुधार होगा, बल्कि किसानों की उत्पादकता और ग्रामीण जीवन स्तर में भी सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।