17 अप्रैल 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

एमपी में भाजपा नेता के कथित भतीजे ने घर में घुसकर महिला से की छेड़छाड़, विरोध करने पर स्तन काटा

MP News: घायल महिला के पति का आरोप पुलिस ने नहीं की कार्रवाई, गांव में खुला घूम रहा आरोपी, कहता है 'मेरा काका भाजपा नेता, कोई कुछ नहीं कर सकता'।

2 min read
Google source verification
khandwa

BJP Leader Nephew entered House Molests Woman

MP News: मध्यप्रदेश के खंडवा जिले की बोरगांव चौकी क्षेत्र के एक गांव में भाजपा नेता के कथित भतीजे ने घर में घुसकर महिला के साथ छेड़छाड़ की। विरोध करने पर उसने महिला के सीने व पसलियों में चाकू से वार किए, जिससे महिला का स्तन कट गया। महिला को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती किया गया है। इधर, घटना के बाद आरोपी गांव में ही घूमता रहा। वहीं बोरगांव पुलिस ने पांच दिन तक कोई कार्रवाई नहीं की। पुलिस द्वारा आरोपी पर कार्रवाई नहीं होने पर पीड़ित महिला और उसके पति ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।

घर में घुसकर की छेड़छाड़

पीड़ित महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज करते हुए बताया कि गांव में रहने वाला आकाश तिरोले (पटेल) पिछले चार-पांच दिनों से उसे परेशान कर रहा था। शनिवार 11 अप्रैल की रात करीब 11 बजे की घटना है। उस समय घर में वो और उसके दो छोटे बच्चे ही थे। आरोपी आकाश ने उसके मोबाइल पर फोन लगाया, लेकिन उसने कॉल नहीं उठाया। इसके बाद वह पीछे के रास्ते से जाली कूदकर घर में आया और दरवाजा खटखटाने लगा। उसे लगा कि पति काम से लौट आए हैं, इसलिए उसने दरवाजा खोल दिया। आरोपी धक्का देकर अंदर घुसा और दरवाजा बंद कर लिया। इसके बाद उसने पूछा कि फोन क्यों नहीं उठाया और छेड़छाड़ करने लगा। मैंने धक्का दिया तो आरोपी ने चाकू उठा लिया और तभी पति घर लौट आए। पति ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की तो आरोपी ने मेरे पेट व सीने पर चाकू से हमला कर दिया।

'खुला घूम रहा आरोपी, कहता है मेरा काका भाजपा में है'

पीड़िता के पति का कहना है कि वह ड्राइवरी करता है। 11 अप्रेल को वह इंदौर से रात करीब 11 बजे घर लौटा था। उसने देखा कि आकाश घर में घुसा हुआ था और पत्नी से छेड़छाड़ कर रहा था। मैंने उसे पकड़ने की कोशिश की तभी आरोपी आकाश ने पत्नी पर हमला कर दिया। इसके बाद मैं घायल हालत में पत्नी को बोरगांव चौकी लेकर पहुंचा लेकिन पुलिस ने प्रकरण दर्ज नहीं किया गया और अस्पताल भेज दिया गया। आरोपी आकाश गांव में घूम रहा है और धमकाते हुए कह रहा है कि मेरा काका भाजपा में है मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ पाएगा।

चौकी प्रभारी की भूमिका पर सवाल

मामले में बोरगांव चौकी पुलिस की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। घटना के पांच दिन बाद भी चौकी प्रभारी अविनाश भोपले ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। इसके चलते आरोपी खुलेआम घूमता रहा। उस पर प्रकरण दर्ज करना तो दूर, पूछताछ तक नहीं की गई। इस संबंध में संपर्क करने पर चौकी प्रभारी ने फोन नहीं उठाया। वहीं पंधाना थाना प्रभारी दिलीप देवड़ा ने कहा कि मामला संज्ञान में आते ही पीड़िता की फरियाद सुनी गई। पीड़िता के बयानों के आधार पर आरोपी आकाश तिरोले पर गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है।

'मेरा कोई भतीजा नहीं है'

वहीं इस पूरे मामले पर भाजपा मंडल अध्यक्ष जितेन्द्र पटेल का कहना है कि- परिवार में मैं इकलौता हूं। मेरा कोई भाई नहीं है, तो भतीजा होने की बात ही नहीं है। मेरा नाम बेवजह घसीटा जा रहा है। इस संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत करूंगा।