खंडवा.
कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी द्वारा निकाली गई भारत जोड़ो यात्रा का एक साल पूरा होने पर जिला कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को सद्भावना यात्रा निकाली। रैली में पहली बार कांग्रेसी एकजुटता से नजर आए। शहर सहित बड़ी संख्या में तीनों विधानसभाओं से भी पदाधिकारी और कार्यकर्ता पहुंचे। टिकट की दौड़ में शामिल दावेदारों ने भी एक तरह से अपना शक्ति प्रदर्शन किया। बैंड-बाजे और डीजे के साथ निकाली रैली लोगों के आकर्षण का केंद्र रही।
गुरुवार शाम 4 बजे गांधी भवन से कांग्रेस ने सद्भावना यात्रा निकाली। बैंड और डीजे के साथ बरसते पानी में कांग्रेसी भारत जोड़ो के थीम सांग पर कदमताल करते निकले। रैली का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष अजय ओझा, शहर अध्यक्ष डॉ. मुनीश मिश्रा, अवधेश सिसोदिया करते नजर आए। रैली गांधी भवन से निकलकर बांबे बाजार, घंटाघर, निगम चौराहा होते हुए अस्पताल तिराहा स्थित बाबा साहेब अंबेडकर प्रतिमा स्थल पहुंची। यहां बाबा साहेब को माल्यार्पण कर रैली खड़कपुरा, सराफा, बुधवारा बाजार, स्टेशन रोड होते हुए वापस गांधी भवन पहुंची, जहां यात्रा का समापन किया गया। यहां जिलाध्यक्ष द्वय पिछले साल निकाली गई भारत जोड़ो यात्रा के बारे में जानकारी दी गई।
मांधाता, पंधाना, हरसूद के दावेदार भी पहुंचे
रैली में खंडवा से विधानसभा की उम्मीदवारी जता रहे सभी उम्मीदवार तो नजर आए ही, साथ ही पंधाना, मांधाता, हरसूद के दावेदार भी नजर आए। पंधाना से टिकट मांग रहीं रूपाली बारे बीमारी के बावजूद रैली में पहुंचीं। मांधाता से उम्मीदवारी जता रहे ठा. राजनारायण सिंह, उत्तमपालसिंह, हरसूद के दावेदार सरोज बघेल, टोनी ठाकुर, बसंत पंवार भी समर्थकों सहित पहुंचे। खंडवा से दावेदार की दौड़ में शामिल कुंदन मालवीय पैर में प्लास्टर होने के बाद भी गाड़ी में बैठकर यात्रा के साथ रहे। वहीं, मनीष पचोरे, हुकुम वर्मा, यशवंत सिलावट, रिंकू सोनकर, सुनील आर्य भी समर्थकों के साथ नजर आए। इस दौरान दावेदारों सहित कार्यकर्ताओं ने लोगों से जनसंपर्क भी किया।
एक-दूसरे का हाथ थामे दिखे कांग्रेसी
रैली के दौरान कांग्रेसियों ने एकजुटता भी दिखाई। एक-दूसरे के विरोधी माने जाने वाले नेता भी एक साथ एक-दूसरे का हाथ थामे नजर आए। रैली के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह भी नजर आया। बैंड-बाजे, डीजे के कारण रैली लोगों के आकर्षण का केंद्र भी रही। रैली में वीरेंद्र मिश्र, लखन मंडलोई, अशोक पटेल, मुकेश वर्मा, शांतनु दीक्षित, हुकुम मेलूंदे, सलीम पटेल, बाबा हाशिम, मदन तिरोले, मुकेश नागोरी, नमित नीरज, रईस अब्बासी, अनुराग अत्रे, राधेश्याम तोमर, प्रेमांशु जैन, इकबार कुरैशी, चैनसिंह वर्मा, अकरम जाटू, आसिम पटेल, शब्बीर बाबा, सुनीता रायकवार, देवबाला शर्मा, शहजाद पवार, शराफत खान, अक्षत अग्रवाल, अय्यूब लाला, वामनराव जाधव, श्रीरंग नाइक, मुजाहिद कुरैशी, इमरान गौरी सहित कांग्रेसजन मौजूद थे।