
खरगोन. शरीर के दो हिस्से होने के बाद भी नागिन के घंटों तक फन फैलाकर बैठे रहने की अजीब घटना मध्यप्रदेश के खरगौन की है। जहां बिल्डिंग का वेस्ट मटेरियल हटाने के दौरान एक नागिन जेसीबी की चपेट में आ गई और उसके शरीर के दो टुकड़े हो गए। लेकिन दो टुकड़े होने के बाद भी नागिन फन फैलाए बैठी रही जबकि उसके शरीर का दूसरा हिस्सा भी पास ही पड़ा रहा। जैसे ही दो टुकड़े होने के बाद भी नागिन के जिंदा रहने की बात इलाके के रहने वाले लोगों को लगी तो मौके पर लोगों की भीड़ लग गई और पूजा पाठ का दौर भी शुरु हो गया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
दो हिस्सों बंटने के बाद भी नागिन के फन फैलाकर घंटों तक बैठे रहने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कई लोग इसे ईश्वर का चमत्कार मान रहे हैं। बता दें कि वायरल वीडियो खरगोन का है जहां पुरानी बसंत जिनिंग परिसर में एक घर के वेस्ट मटेरियल को जेसीबी की मदद से हटाया जा रहा था इसी दौरान एक नागिन जेसीबी की चपेट में आ गई जिससे उसके शरीर के दो हिस्से हो गए। लेकिन दो हिस्सों में बंटने के बाद भी नागिन की मौत नहीं हुई और वो घंटो तक फन फैलाकर वहीं पर बैठी रही। खबर लगते ही लोगों की भीड़ भी मौके पर लग गई और कई लोगों ने ईश्वर का चमत्कार मानकर पूजा पाठ भी किए। हालांकि करीब 19 घंटे बाद नागिन की मौत हो गई।
क्या कहते हैं विशेषज्ञ
पशु चिकित्सक से जब इस घटना के बारे में बात की गई तो उन्होंने बताया कि सांप का हार्ट और मस्तिष्क ऊपरी हिस्से में होता है और वीडियो में दिख रही नागिन के शरीर का निचला हिस्सा कटा था यही कारण है कि उसके मस्तिष्क और हार्ट में आॉक्सीजन की सप्लाई होती रही जिसके कारण नागिन इतनी देर तक जिंदा रह सकी। बाद में जैसे-जैसे नागिन के शरीर में ऑक्सीजन और खून की कमी हुई तो उसकी मौत हो गई।
देखें वीडियो-
Updated on:
5 Feb 2022, 2:30 PM IST
Published on:
5 Jan 2022, 5:53 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.