
Tanker seized
खरगोन. मंडलेश्वर के समीप खैशगी कॉलोनी के सामने कसरावद रोड पर बुधवार को टैंकर की टक्कर से बाइक पर बैठी एक महिला की मौत हो गई। दुर्घटना दोपहर की बताई जा रही है। कसरावद से मंडलेश्वर की ओर दो बाइक सवार आ रहे थे। दोनों में पीछे महिलाएं बैठी थीं।
इसमें से एक मोटर साइकिल एमपी10 एमएन-3110 को भागीरथ पिता दरियाव निवासी एकलधारियां चला रहा था, जिसके पीछे भागीरथ की पत्नी कुसुम बाई बैठी थी जैसे ही बाइक सवार खैशगी कॉलोनी के पास पहुंचे तभी तेज रफ्तार टैंकर ने पीछे से बाइक को टक्कर मार दी, जिससे भागीरथ सड़क के एक तरफ जाकर गिरा, जबकि कुसुमबाई रोड पर गिर गई और टैंकर के पिछले पहिए की चपेट में आ गई, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना के बाद टैंकर चालक फरार हो गया। सूचना के बाद पुलिस की टीम पहुंची और उसने महिला को सरकारी अस्पताल पहुंचाया। वहीं टैंकर के लिए अन्य थानों को सूचना दी। धामनोद के पास से टैंकर क्रमांक एमपी 07 एचपी 3931 को पकड़ा गया, जहां से पुलिस ने टैंकर को जब्त किया।
Updated on:
24 Sept 2020 01:14 pm
Published on:
24 Sept 2020 01:14 pm
