5 फ़रवरी 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

मिल्क फूड प्लांट में करंट लगने से किशोर की मौत पर हंगामा

अरांई के ग्राम रघुनाथपुरा स्थित एक मिल्क फूड प्लांट में शुक्रवार को करंट लगने से एक किशोर की मौत हो गई। किशोर की मौत से गुस्साए मृतक के परिजन ने अरांई के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में हंगामा खडा कर दिया।

2 min read
Google source verification
photo_6186204949239674550_x.jpg

अरांई/किशनगढ़.अरांई के ग्राम रघुनाथपुरा स्थित एक मिल्क फूड प्लांट में शुक्रवार को करंट लगने से एक किशोर की मौत हो गई। किशोर की मौत से गुस्साए मृतक के परिजन ने अरांई के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में हंगामा खडा कर दिया। अतिरिक्त पुलिस जाप्ता बुला कर बमुश्किल हालात पर काबू पाया गया। दोपहर बाद मृतक के परिजन एवं प्लांट संचालक के बीच लिखित समझौते के बाद परिजन ने शव उठाया। पुलिस ने मृतक के मामा की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

स्टार्टर में करंट की चपेट में आया
पुलिस के अनुसार सरवाड़ थानांतर्गत ग्राम सदापुर निवासी रामरतन गुर्जर का पुत्र दीपू (15) अपने चाचा भगवान पुत्र गोपाल से मिलने रघुनाथपुरा स्थित स्वास्तिक मिल्क फूड प्लांट में आया हुआ था। मृतक के मामा भोजराज गुर्जर ने बताया कि गुरुवार रात करीब 11.15 बोरिंग चलाते वक्त दीपू स्टार्टर में प्रवाहित करंट की चपेट में आ गया। घटना के बाद मिल्क प्लांट वाले उसे अरांई सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ले कर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मुआवजे पर बनी सहमति
हंगामे के दौरान अरांई थाना प्रभारी भंवरसिंह राव मय जाप्ता मौके पर पहुंचे तथा हालात पर काबू पाया। मृतक के परिजन ने हंगामे के दौरान प्लांट संचालक के खिलाफ नारे बाजी कर मुआवजे की मांग की। इस दौरान नायब तहसीलदार हिम्मत सिंह राठौड ने पुलिस की मदद से प्लांट मालिक व मृतक के परिजन के बीच समझौता कराया।समझौते के बाद पोस्टमार्टम करवा शव परिजन के सुपुर्द कर दिया गया।

यह भी पढ़ें : डाक विभाग की नौकरी में फर्जीवाड़ा, 37 अभ्यार्थियों ने लगाई फर्जी मार्कशीट


प्लांट मालिक ने कर रखा है अतिक्रमण
स्वास्तिक मिल्क फूड के मालिक ने ढाणी पुरोहितान सडक पर अतिक्रमण कर तारबंदी कर गेट लगा रखा है। इस पर ग्रामीणों ने विरोध दर्ज कराया। स्वास्तिक मिल्क प्लांट ने करीब तेरह बिस्वा जमीन पर अवैध कब्जा कर रखा है। इस पर प्लांट संचालक ने बताया कि उसे इस बात की जानकारी नहीं है।

प्लांट में कई नाबालिग कर रहे हैं काम
स्वास्तिक मिल्क फूड में काम करने वाले मजदूरों ने बताया कि मृतक कथित रूप से प्लांट में मजदूरी करता था। पानी की मोटर चलाते वक्त करंट लगने से प्लांट में ही उसकी मौत हुई है। प्लांट में कई कम उम्र बच्चे काम कर रहे है। मिल्क प्लांट संचालक ने बताया कि उन्होेंने लेबर कार्य ठेके पर दे रखा है। उसे बच्चों के काम करने की जानकारी नहीं है।

प्लांट मालिक पर लगाया लापरवाही का आरोप
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन अरांई सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंच गए। परिजन ने प्लांट संचालक की लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्लांट मालिक को किशोर की मौत का जिम्मेदार बताते हुए कई आरोप लगाए। किशनगढ पार्षद किशन गुर्जर सहित सरवाड क्षेत्र से कई युवकों ने हंगामा खडा करते हुए मुआवजे की मांग की। दोपहर दो बजे तक अरांई सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में हंगामा होता रहा।

यह भी पढ़ें: मैनेजर ने कंपनी मालकिन का बनाया अश्लील वीडियो, फिर ब्लैकमेल कर किया ये काम,पढ़ें पूरा मामला