
kishangrh_कुछ सामान की आपूर्ति कम,दस प्रतिशत बढ़े नए ग्राहक
मदनगंज-किशनगढ़.
लॉकडाउन के समय दुकानों पर नए ग्राहकों की संख्या भी बढ़ गई है लेकिन कुछ सामानों की कमी के कारण परेशानी बनी हुई है। हालांकि खाद्य सामग्री की आपूर्ति बनी हुई है और लोगों को सरलता से बेची जा रही है। अब दुकानों पर इतनी भीड़भाड़ भी नहीं है।
सिंधी कॉलोनी के सामने दुकानदार हेमनदास आसवानी ने बताया कि लॉकडाउन होने के बाद दुकान पर नए ग्राहकों की संख्या लगभग 10 प्रतिशत बढ़ गई है। नए ग्राहक सामान की रेट सही लगाने का आग्रह करते है। वहीं पुराने ग्राहक सामान की पर्ची लेकर आते है और सामान ले जाते है। लॉकडाउन की घोषणा होने के बाद कुछ दिन तक दुकानों पर ग्राहकों की संख्या बढ़ गई थी। अब स्थिति सामान्य हो गई और ग्राहक आवश्यकता के अनुसार ही सामान खरीद रहे है।
कुछ सामानों की आपूर्ति कम
दुकानदार हेमनदास ने बताया कि कुछ कॉस्मेटिक आइटम सहित बिस्कुट आदि की आपूर्ति कम हो रही है। इसके कारण इनको खरीदने वाले ग्राहक आगे चले जाते है। पहले अरहर की आपूर्ति भी कम हुई थी बाकी स्थानीय दाल मिल होने के कारण अन्य दालों और आटे की आपूर्ति भी आसानी से हो रही है।
अभी बंद है होम डिलीवरी
दुकानदार जितेंद्र आसवानी ने बताया कि वर्तमान में होम डिलीवरी बंद की हुई है। लॉकडाउन की सख्ती के कारण अभी होम डिलीवरी नहीं कर पा रहे है। लॉकडाउन से पहले होम डिलीवरी करते थे। स्थिति सामान्य होने पर फिर से होम डिलीवरी शुरू कर दी जाएगी। स्वयं का दुपहिया वाहन भी केवल आने-जाने में ही काम में लेते है।
प्रोत्साहन की जरूरत
दुकानदार आसवानी ने बताया बड़ी कंपनियों की चमक-दमक के कारण लोग आकर्षित होते है लेकिन स्थानीय दुकानदार ही सही कीमत पर गुणवत्तायुक्त माल की आपूर्ति करते है। सभी दुकानदार अपने माल की जांच कर सामान बेचते है। सरकार छोटे दुकानदारों को प्रोत्साहित करें तो रोजगार भी बढ़ेगा।
Updated on:
13 Apr 2020 12:58 pm
Published on:
13 Apr 2020 12:58 pm
