
Breaking : आखिर ऐसा क्या हुआ कि करतला, भैसमा, रजगामार और इंडस्ट्रियल एरिया हो गया ब्लैकआउट, पढि़ए खबर...
कोरबा. बुधवारी बाजार से तानसेन चौक की ओर जाने वाले वाईआईपी मार्ग पर सरस्वती शिशु मंदिर के पास 133 केवी का बिजली तार टूटकर 33 केवी के तार पर गिर गया। इससे तार जल गया। आईटीआई, कोसाबाड़ी, इंडस्ट्रीयल एरिया, रजगामार, भैसमा और करतला में ब्लैक आउट हो गया।
बिजली संयंत्र से 133 केवी का एक लाइन चांपा की ओर जाता है। सोमवार की शाम लगभग 5.50 बजे बुधवारी बाजार सरस्वती शिशु मंदिर और अंधरी कछार स्कूल के बीच एचटी लाइन टूटकर सड़क पर गिर गया। तार के कुछ हिस्से मकान पर गिरे। टूटते हुए तार ने नीचे से गुजरने वाली 33 केवी के तार पर गिरा। यह लाइन जल गई। इससे आधे शहर के अलावा कई क्षेत्रों की बिजली बंद हो गई। कोसाबाड़ी, रामपुर, आईटीआई, कांशीनगर और इंडस्ट्रीयल एरिया की बिजली बंद हो गई। यही नहीं करतला भैसमा और रजगामार क्षेत्र में भी अंधेरा हो गया।
इधर, तार टूटने की सूचना पर वितरण कंपनी के अधिकारी मौके पर पहुंचे। सुरक्षा की दृष्टि से यातायात को रोक दिया गया। गिरे हुए तार को हटाकर नया तार बिछाने की प्रक्रिया चालू की गई है। वितरण कंपनी के अधिकारी भगत ने बताया कि घटना का कारण जानने के लिए विभागीय जांच कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि यह सेकेंड सर्किट की लाइन है। इससे चांपा जांजगीर को बिजली की आपर्ति की जाती है। सर्किट के फेल होने से घटना हुई है। इसे सुधार करने की कोशिश जारी है। उन्होंने आशंका व्यक्त किया ओवर ड्राल भी घटना का कारण हो सकता है। समाचार लिखे जाने तक लाइन चालू नहीं हो सकी है। कंपनी के अफसर सुधार कार्य में लगे हुए थे।
Published on:
25 Jun 2018, 9:35 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.