
कांग्रेस ने जयसिंह को कोरबा से चौथी बार मैदान में उतारा
कोरबा। CG Election 2023: कांग्रेस ने कोरबा विधानसभा से राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल को चौथी बार मैदान में उतारा है। इससे पहले वे तीनों बार भाजपा को मात दे चुके हैं। जयसिंह अग्रवाल का सीधे तौर पर मुकाबला भाजपा प्रत्याशी पूर्व महापौर लखन लाल देवांगन के साथ होगा।
हालांकि यह पहले से तय माना जा रहा था कि कांग्रेस से कोरबा विधानसभा से प्रत्याशी राजस्व मंत्री ही होंगे। रविवार की सुबह सूची जारी होते ही कोरबा विधानसभा की तस्वीर पूरी तरह से साफ हो गई। कोरबा विधानसभा से भाजपा, कांग्रेस और आप ने प्रत्याशी घोषित कर दिया है। कोरबा विधानसभा में जिन तीन पार्टियों में घमासान होगा उसमें भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी है। कोरबा जिले की सबसे हाइप्रोफाइल सीट कोरबा विधानसभा ही है।
निगम क्षेत्र के 57 वार्ड वाले इस विधानसभा चुनाव में कई मुद्दे हैं। एक तरफ कांग्रेस से तीन बार के विधायक और राजस्व मंत्री चुनाव में है तो दूसरी तरफ पूर्व महापौर और संसदीय सचिव लखन लाल देवांगन मैदान में है। दो बड़े दिग्गजों के उतरने से सबकी नजर इस बार कोरबा विधानसभा सीट पर होगी। भाजपा एक ओर जहां पहले से एकजुट और सधे हुए तरीके से चुनाव अभियान में जुटी हुई है तो दूसरी ओर राजस्व मंत्री सोमवार से सर्वमंगला मंदिर में मत्था टेककर चुनावी प्रचार का आगाज करेंगे। हालांकि कांग्रेस ने कोरबा में कई महीने पहले ही बूथ तक प्रचार प्रसार शुरू कर दिया था।
मतदान में एक महीना शेष, बढ़ेगी चुनावी सरगर्मी
मतदान में अब से ठीक एक महीना शेष रह गया है। 17 नंवबर को मतदान होना है। इसके दो दिन पहले चुनावी शोर शराबे पर रोक लग जाएगी। कुल मिलाकर आने वाले एक महीने में चुनावी उठापटक से लेकर नेताआें के दौरे अब बढ़ जाएंगे। कोरबा विधानसभा के तीनों ही प्रमुख प्रत्याशी विजयदशमी के बाद नामाकंन दाखिल करेंगे।
शेष तीन सीटों पर अब तक नहीं बन सकी है एक राय
बताया जा रहा है कि कोरबा जिले की तीन शेष सीटों पर अब तक एक राय नहीं बन सकी है। रामपुर, पाली तानाखार और कटघोरा के प्रत्याशियाें की घोषणा अब तक बाकि है। इन तीन सीटों में अभी दो जगहों पर कांग्रेस के विधायक हैं। कई दावेदार दिल्ली तक दौड़ लगा रहे हैं।
दशहरा के बाद नामांकन
दोनों प्रमुख पार्टी भाजपा और कांग्रेस विजयादशमी पर्व के बाद नामांकन दाखिल करने की तैयारी में है। अन्य विधानसभा के प्रत्याशी भी एक साथ नामांकन दाखिल करेंगे।
भ्रष्टाचार की आज तक एक चाय तक नहीं पी, आरोप भाजपा का बनाया हुआ
राजस्व मंत्री मीडिया से वार्ता के दौरान एक सवाल के जवाब में कहा कि भ्रष्टाचार का आरोप भाजपा का बनाया हुआ है। आज तक मैनें भ्रष्टाचार की एक कप चाय तक किसी से नहीं पी है। टीपीनगर शिफ्ट नहीं होने के सवाल पर राजस्व मंत्री ने कहा कि पूर्व में आए सुस्त कलेक्टर की वजह से यह काम रूक गया। आज उस कलेक्टर को निर्वाचन आयोग ने हटाया है। टीपीनगर बरबसपुर में ही बनेगा। कुसमुंडा मार्ग पर लग रहे जाम के सवाल पर मंत्री ने कहा कि सड़क पूरी तैयार हो चुकी है। वाहनों की संख्या और कोयला उत्पादन बढ़ने की वजह से यातायात व्यवस्था में परेशानी है। जल्द ही नई सड़क बनने के बाद समस्या से भी निदान मिल जाएगी।
Published on:
16 Oct 2023 12:52 pm
बड़ी खबरें
View Allकोरबा
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
