
डॉ. चरणदास महंत (फोटो सोर्स- पत्रिका)
Chhattisgarh Politics News: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के भीतर सब कुछ ठीक-ठाक नहीं चल रहा है। विधानसभा में विपक्ष की भूमिका से जुड़े सवाल पर डॉ. महंत ने कहा कि यह सही है कि इस सरकार में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता भी नाराज हैं। सरकार के मंत्री विधानसभा में किसी भी बात का जवाब नहीं देते हैं। बहाना बनाकर हर विषय को टालने में लगे रहते हैं।
वे कहते हैं कि आपकी (कांग्रेस) सरकार में यह हुआ, आपकी सरकार में वह हुआ। यह सही है कि हमारी सरकार में कुछ गलतियां हुई थीं, लेकिन इस सरकार में भी सब कुछ सही नहीं है। सरकार पिछली गलतियों से सीख नहीं ले रही है। डीएमएफ में गड़बड़ियां हो रही हैं।
छत्तीसगढ़ सरकार में प्रशासनिक अधिकारियों के बढ़ते दखल पर उन्होंने कहा, "आप यहां खुद देख लीजिए, मंत्री कंबल ओढ़कर घी पी रहे हैं।" उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि रेत से लेकर कोयले तक सब कुछ संरक्षण में चल रहा है। रेत की खदानें कैसे दी जा रही हैं? कोयले में दलाली कौन कर रहा है? कैसी व्यवस्था चल रही है, लोग सब जानते हैं। किसी का नाम लेने की जरूरत नहीं है।
डॉ. महंत कोरबा में तीजा महोत्सव एवं रक्षाबंधन के कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचे थे। उन्होंने कोरबा के डीडीएम रोड स्थित राम दरबार परिसर में मीडिया से चर्चा की। इस दौरान पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल भी उपस्थित थे।
कोरबा की जर्जर सड़कों और हवा में उड़ते कोल डस्ट पर डॉ. महंत ने कहा कि डस्ट कोरबा की पुरानी बीमारी है। उन्होंने कहा कि जितना कोयला जलता है, उसका 42 फीसदी राख निकलता है, जिसे हम और आप झेलते हैं। लेकिन कोरबा की जनता से जिन्हें सब कुछ ठीक करने की जिम्मेदारी दी गई है, वे राख में भी धंधा कर रहे हैं। डॉ. महंत ने नए प्रदेश अध्यक्ष को लेकर कहा कि अभी हमें नए प्रभारी मिले हैं। इस मसले पर कोई चर्चा नहीं हुई है। अभी दीपक बैज ही हमारे अध्यक्ष हैं।
छत्तीसगढ़ में चल रहे युवा कांग्रेस के चुनाव पर चर्चा करते हुए महंत ने कहा कि यह बच्चों के बीच का चुनाव है। उनके बीच ही यह मुकाबला होना चाहिए। इसमें पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का कोई हस्तक्षेप नहीं है और उन्हें करना भी नहीं चाहिए। पार्टी का निर्देश है कि अगर कोई व्यक्ति युवा कांग्रेस के चुनाव को लेकर वरिष्ठ नेताओं के साथ फोटो भी खिंचवाता है, तो उस पर कार्रवाई हो सकती है।
डॉ. महंत ने कहा कि कोरबा से चलने वाली यात्री गाड़ियां समय पर चलें, इसके लिए यहां की सांसद बार-बार प्रयास कर रही हैं। वह मंत्री तक से मिल चुकी हैं। बिलासपुर जोन के आला अधिकारियों को भी यात्रियों की समस्या बता चुकी हैं, लेकिन इसका समाधान नहीं हुआ है।
उन्होंने कहा कि गड़बड़ी बिलासपुर से नहीं, बल्कि रेलवे बोर्ड से हुई है। इसे ठीक करना जरूरी है। आने वाले दिनों में इस मामले को लेकर रेल मंत्री से मुलाकात करेंगे। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ से रेलवे को जितनी आय होती है, उसका 70 फीसदी हिस्सा बिलासपुर जोन से जाता है। लेकिन रेलवे बिलासपुर जोन से अर्जित आय का 20 फीसदी भी यहां यात्री सुविधाओं के विस्तार पर खर्च नहीं कर रहा है।
Updated on:
16 Sept 2026 07:54 pm
Published on:
16 Sept 2026 07:54 pm
