
Korba Tanker Fire: धू-धूकर जला पेट्रोल-डीजल से भरा टैंकर!(photo-patrika)
Korba Tanker Fire: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में कटघोरा-अंबिकापुर नेशनल हाईवे-130 पर पेट्रोल-डीजल से भरे टैंकर में अचानक भीषण आग लग गई। टैंकर में आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही बांगो पुलिस, यातायात पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। टैंकर में बड़ी मात्रा में पेट्रोल और डीजल लोड होने के कारण आग तेजी से फैल गई। आग की लपटें देखकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात रही कि हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के मुताबिक, टैंकर कोरबा से पेट्रोल लेकर वार्डफ नगर की ओर जा रहा था। टैंकर में करीब 2 हजार लीटर पेट्रोल और 8 हजार लीटर डीजल लोड था। कटघोरा-अंबिकापुर नेशनल हाईवे-130 पर गुरसियां के पास चालक खाना खाने के लिए रुका था। खाना खाने के बाद जैसे ही टैंकर को स्टार्ट किया गया, अचानक उसमें आग लग गई।
टैंकर में आग लगते ही चालक और कंडक्टर ने तुरंत वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। देखते ही देखते आग ने टैंकर को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई।
टैंकर में बड़ी मात्रा में पेट्रोल और डीजल भरा होने के कारण आग के दौरान विस्फोट की आशंका बनी हुई थी। एहतियात के तौर पर आसपास के रिहायशी इलाके को खाली कराया गया। वहीं, हाईवे पर सुरक्षा को देखते हुए यातायात को नियंत्रित किया गया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद टैंकर में लगी आग पर काबू पा लिया। राहत की बात रही कि इस हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पेट्रोल-डीजल से भरा टैंकर धू-धूकर जलता हुआ दिखाई दे रहा है। वीडियो में मौके पर मौजूद लोग आग पर काबू पाने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं। घटना के बाद इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
Updated on:
10 Sept 2026 03:14 pm
Published on:
10 Sept 2026 03:13 pm
बड़ी खबरें
View Allकोरबा
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
