
#AbAurNahin : अकेला नहीं है शहीद का परिवार.. किसी ने कराई एफडी तो किसी ने ली बेटियों की पढ़ाई की जिम्मेदारी
कोटा। सांसद ओम बिरला एवं पूर्व विधायक हीरालाल नागर ने शहीद कि बेटियों के नाम जन सहयोग से एक-एक लाख रुपए की एफ डी करवाई है। बिरला ने कहा कि सरकार को शहीद के परिजनों को विशेष पैकेज देने की घोषणा करनी चाहिए। एफ डी के पत्र शनिवार को शहीद के परिजनों को सौंपे जाएंगे।
शहीद के परिजनों को देंगे 5 लाख की सहायता
पूर्व विधायक भवानी सिंह राजावत ने शहीद के गांव पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाया। इस दौरान राजावत खुद भावुक हो गए। इस अवसर पर राजावत अपनी ओर से शहीद के परिवारजनों को 5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की भी घोषणा की।
शहीद हेमराज के बच्चों को देंगे नि:शुल्क शिक्षा
शहीद हेमराज के बच्चों की नि:शुल्क शिक्षा का बीड़ा एमडी मिशन कॉलेज ने उठाया है। कॉलेज के निदेशक राज दाधीच ने बताया कि शहीद हेमराज के बच्चों के लिए नर्सरी से लेकर उच्च शिक्षा तक नि:शुल्क शिक्षा देने की घोषणा की है।
राजस्थान पत्रिका की पहल पर शासन, प्रशासन समेत शहरवासियों की रही भागीदारी
कोटा. पुलवामा में आतंकी हमले में शहीद हुए जवानों की शहादत को नमन करने के लिए शुक्रवार को अंटाघर चौराहे के पास स्थित शहीद स्मारक पर शहरवासियों का कारवां जुटा। यहां दो मिनट का मौन रखकर व पुष्प अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। पुलिस जवानों ने शहीदों की याद में गार्ड ऑफ ऑनर दिया। राजस्थान पत्रिका की पहल पर शुक्रवार को शहीद स्मारक पर पुलवामा में आतंकी हमले में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करने का कार्यक्रम रखा गया था। इसमें शहरवासियों ने एकजुटता से शहीदों को नमन किया और कैंडल जलाकर नमन किया। संभागीय आयुक्त एल.एन. सोनी, पुलिस महानिरीक्षक कोटा रेंज बिपिन पाण्डेय, जिला कलक्टर मुक्तानन्द अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक शहर दीपक भार्गव, ग्रामीण पुलिस अधीक्षक राजन दुष्यंत ने पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
Published on:
15 Feb 2019 10:55 pm
