
-भक्त मंडली ने भजन-कीर्तन किया
कवाई @ पत्रिका. श्रावण माह के मौके पर कस्बे के अग्रवाल धर्मशाला स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में महाकाल भक्त मंडली की ओर से भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। इस दौरान मंदिर में विराजमान भोलेनाथ का उज्जैन के महाकाल की तर्ज पर विशेष श्रृंगार किया गया। भक्तों ने करीब दो घंटे की मेहनत से भोलेनाथ को महाकाल स्वरूप में सजाया, जिसे देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। महाकाल भक्त मंडली के सदस्य भरत नगर ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्रावण माह के अंतिम दिन भगवान भोलेनाथ का आकर्षक श्रृंगार कर उन्हें महाकाल का स्वरूप दिया गया। श्रृंगार के बाद मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन का दौर शुरू हुआ। स्थानीय गायक कलाकारों ने भजनों की प्रस्तुतियां दीं। मंदिर परिसर देर रात तक ‘हर-हर महादेव’ और भगवान शिव के जयकारों से गूंजता रहा। उज्जैन की तर्ज पर सजे महाकाल स्वरूप के दर्शन कर श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए। आयोजन में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु और स्थानीय गायक कलाकार मौजूद रहे।
Updated on:
02 Sept 2026 05:14 pm
Published on:
28 Aug 2026 06:00 am
