
पीडि़त मरीज राकेश व क्षतिग्रस्त मोबाइल
रामगंजमंडी. राजकीय सामुदायिक चिकित्सालय में रविवार की शाम करीब साढ़े छह बजे बिजली गुल होने पर मोबाइल की टॉर्च जलाना और यह टॉर्च लाइट आने के बाद भी चालू रह जाना एक युवक को भारी पड़ गया। वीडियो बनाने के शक में डयूटी पर तैनात चिकित्सक राजेश बड़तिया ने युवक के हाथ में लगा मोबाइल छीनकर उसके थप्पड़ जड़ दिया। युवक ने गलती पूछी तो चिकित्सक फिर उसकी तरफ लपका लेकिन इसके बाद युवक चिकित्सालय से भाग गया।
राजतीतिक दलों के पदाधिकारियों की दखल के बाद युवक को उसका मोबाइल लौटाया गया जो पूरी तरह से टूटा हुआ था। गोरधनपुरा के राकेश मेघवाल ने बताया कि वह रविवार शाम हाथ- पैर में दर्द होने पर चिकित्सालय पहुंचा था। उस समय चिकित्सक राजेश बड़तिया ड्यूटी पर थे कुछ लोग उनके पास बैठे थे वह भी जाकर उनके सामने खड़ा हो गया। इस बीच बिजली गुल हो गई तो उसने जेब में रखा मोबाइल निकालकर उसकी टॉर्च की रोशनी कर ली। कुछ देरी बाद लाइट आई लेकिन वह टार्च बंद करना भूल गया। चिकित्सक ने युवक के मोबाइल की टॉर्च जली देख यह समझ लिया कि वह वीडियो बना रहा है।
इसी से खफा होकर चिकित्सक ने युवक के हाथ से मोबाइल छीन लिया और कहा कि मेरा वीडियो बना रहा है। इस मोबाइल को चिकित्सक ने जमीन पर जोर से फेंका और युवक को थप्पड़ जड़ दिया। फिर चिकित्सक युवक की ओर लपका लेकिन युवक मोबाइल छोड़कर भागकर अपने गांव गोरधनपुरा चला गया। वहां उसने मित्र धर्मेन्द्र धाकड़ को सारी बात बताई। धर्मेन्द्र ने पूर्व पालिकाध्यक्ष विजय गौतम को मामले से अवगत कराया। इस पर पूर्व पालिकाध्यक्ष विजय गौत्तम चिकित्सालय पहुंचे और चिकित्सक से राकेश मेघवाल का छीना गया मोबाइल लौटाने को कहा। चिकित्सक ने मोबाइल लौटा दिया।
स्क्रीन टूटी, बैटरी गायब
राकेश ने बताया कि उसके मोबाइल की स्क्रीन पूरी तरह से टूट चुकी है। बैटरी गायब है। करीब 11 हजार रुपए का उसको नुकसान हुआ है। चिकित्सा प्रभारी राजीव लोचन सक्सेना का कहना था कि रविवार को उनका अवकाश था उन्हें किसी तरह की कोई जानकारी नहीं है। चिकित्सक से इस मामले में उनका पक्ष लेने का प्रयास किया तो उनका मोबाइल स्वीच ऑफ था।
बैठक में भी उठ चुके अभद्रता के मामले
मेडिकेयर रिलीफ सोसायटी की बैठक में भी राजकीय सामुदायिक चिकित्सालय में चिकित्सक द्वारा मरीजों के साथ अभद्रता करने का मामला 19 सितम्बर को हुई बैठक में विधायक चन्द्रकांता मेघवाल की मौजूदगी में उठ चुका है। इससे पूर्व खैराबाद भाजपा मंडल अध्यक्ष जुगराज सिंह हाड़ा ने सर्पदंश से बालक की मृत्यु होने पर उसके पोस्टमार्टम को लेकर परिजनों से अभद्रता की शिकायत उप जिला कलक्टर, विधायक, सांसद से की थी।
Published on:
11 Oct 2017, 1:57 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.