
OMG: कोटा में चौंकाने वाला मामला: पित्त की थैली से निकले इतने पत्थर कि गिनते-गिनते थक गए डॉक्टर
कोटा . एमबीएस अस्पताल में एक मरीज की पित्त की थैली का दूरबीन से ऑपरेशन कर उसमें से हजारों पथरी के टुकड़े निकाले गए। इतनी अधिक पथरी होने से मरीज की पित्त की थैली फटने की कगार पर आ गई थी, लेकिन समय रहते अस्पताल पहुंचने से चिकित्सकों ने मरीज की जान बचा ली। डॉक्टरों का दावा है कि 10 हजार से अधिक पथरी के टुकड़े ऑपरेशन कर निकाले गए।
सर्जरी विभाग के प्रोफेसर डॉ. नीरज देवंदा ने बताया कि बारां जिले के छबड़ा निवासी सुंदरलाल (50) 5 माह से पेट दर्द से परेशान था। खाना खाने के बाद अधिक पेट दर्द रहता था। फरवरी माह में उसने सोनोग्राफी कराई तो पता चला कि उसके पथरी है। मरीज ने समय रहते ऑपरेशन नहीं कराया। परेशानी बढऩे पर उसने एमबीएस में दिखाया तो पित्त की थैली पथरी से भरी हुई थी।
22 मई को सर्जरी विभाग में दूरबीन से ऑपरेशन किया गया। शरीर से पित्त की थैली बाहर निकाली तो पथरी के हजारों टुकड़े निकले, जिसे देख डॉक्टरों की टीम भी दंग रह गई। मरीज सर्जिकल वार्ड में भर्ती था, जिसे बुधवार को डिस्चार्ज कर दिया। सहायक आचार्य डॉ. हर्षवर्धन , डॉ. देशराज, जूनियर रेजीडेंट ऋतु मीणा, निश्चेतना विभाग के डॉ. एससी दुलारा, मुकेश सोमवंशी व ममता शर्मा का ऑपरेशन में सहयोग रहा।
रिसर्च का विषय है
एमबीएस अस्पताल के वरिष्ठ सर्जन डॉ. नीरज देवंदा ने बताया कि यहां इस तरह का ये पहला मामला सामने आया है। जिसमें इतनी अधिक पथरी देखने को मिली है। पथरी के टुकड़ों की गिनती करवाई गई, जिसमें यह 10 हजार से अधिक निकले। इतनी अधिक पथरी कैसे बनी ये रिसर्च का विषय है।
Updated on:
31 May 2018 07:17 pm
Published on:
30 May 2018 10:10 pm
