
कोटा. स्टेशन क्षेत्र में हुए दोहरे हत्याकांड के दो दिन बाद भी जब शहर पुलिस के अधिकारी और कई थानों की पुलिस मिलकर भी अपराधियों का सुराग नहीं जुटा सकी तो शनिवार देर शाम राज्य सरकार ने एडीजी जंगा श्रीनिवास राव को कोटा भेजा। वे रात तक कोटा पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधीक्षक के साथ पीडि़त परिवार के घर जाकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। एडीजी ने सड़क, घर के मुख्य द्वार, सीढिय़ां और जिस जगह हत्या हुई वहां का जायजा लिया। उन्होंने जानकारी ली कि पुलिस ने हादसे के बाद सबसे पहले क्या देखा और पीडि़त परिवार को सबसे पहले कैसे जानकारी मिली। एडीजी ने मृतक पलक के पिता राजेन्द्र विजयर्गीय से कहा, किसी पर शक हो या कोई और जानकारी हो तो उसे एसपी को निसंकोच बताएं। ऐसी बात भी पुलिस को बताएंजो आपको लग रही है कि हादसे से जुड़ी नहीं है। ऐसी किसी जानकारी से भी अपराधियों को पकडऩे में मदद मिल सकती है।
सूत्रों ने बताया कि हत्याकांड के दो दिन बीतने के बाद भी जब अपराधी नहीं पकड़े गए तो स्वायत्त शासन मंत्री शांति धारीवाल ने जयपुर में उच्च अधिकारियों से बात करके असंतोष जताया और जयपुर के स्तर पर जांच की निगरानी के निर्देश दिए।
जयपुर की टीम भी जांच करेगी : धारीवाल
स्वायत्त शासन मंत्री शांति धारीवाल ने बताया कि अपराधियों को जल्द पकडऩे का प्रयास किया जा रहा है। पूरे मामले की जांच वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में हो रही है। जयपुर से एडीजी के अलावा पुलिस की टीम भी भेजी गई है। इसके अलावा और टीम जयपुर से भेजी जाएगी। वे खुद पुलिस अधिकारियों के संपर्क में हैं। इस दु:खद हादसे के बाद जल्द आरोपियों को पकडऩे के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं।
Published on:
03 Feb 2019 10:04 am
