4 सितंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

खरीफ फसलों के लिए दवा बनी जहर

खरपतवारनाशक के असर से चौपट हो रही फसलें  
2 min read
Google source verification
kota news

खरीफ फसलों के लिए दवा बनी जहर

कोटा. खरीफ की सोयाबीन, उड़द, मक्का, ज्वार, धान आदि फसलों की खरपतवार नष्ट करने के लिए किसानों की ओर से पिछले दिनों छिड़की गई दवा जहर बन गई। झालावाड़ जिले के चौमहला व रावतभाटा क्षेत्र में खरपतवार नाशक दवा छिड़काव के बाद फसल नष्ट होने की किसानों ने शिकायत की है। चौमहला क्षेत्र के किसानों ने मामले की जांच की मांग की है। मामले में कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक रामावतार शर्मा ने झालावाड़ कृषि विस्तार उपनिदेशक से जांच कमेटी गठित कर क्षेत्र का मौका मुआयना करने, पेस्टीसाइड के सॉल्ट, छिड़काव की मात्रा, समय आदि के बारे में तीन दिन में रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं।

बरसी इंद्रदेव की मेहर, हाड़ौतीभर में बारिश

कोटा. चालू मानसून सीजन में एक पखवाड़े बाद तीन दिन से हाड़ौतीभर में इंद्रदेव की मेहर बरस रही है। कहीं तेज तो कहीं हल्की बूंदाबांदी हो रही है। तीन दिन से हो रही बारिश से किसानों के चेहरे खिले हुए हैं। फसलों को भी जीवनदान मिला है। कोटा शहर में गुरुवार को दिनभर धूप-छांव का खेल चलता रहा। सुबह करीब 10 बजे तक मध्यम दर्जे की बारिश हुई। इसके बाद धूप निकली। शाम को एक बार फिर बारिश से सड़के तर हो गई। जिले के इटावा, रामगंजमंडी, खातौली, सांगोद, रावतभाटा में बारिश हुई। चेचट में पौन घंटे तक झमाझम बारिश से मौसम सुहाना हो गया। इटावा में सुबह 7.30 बजे हल्की बारिश हुई।

रामगंजमंडी में सुबह से बारिश का सिलसिला जारी रहा। मोईकलां में दोपहर बाद 3 बजे से आधा घंटे तक तेज बारिश हुई। रावतभाटा में शाम 5 बजे से करीब पौन घंटे तक तेज बारिश हुई। कोटा शहर में बीते 24 घंटे में सुबह 8.30 बजे तक 9.9 एमएम तथा सुबह 8.30 से शाम 5.30 बजे तक 6.8 एमएम बारिश हुई। अधिकतम तापमान 32.4 व न्यूनतम 25.4 डिग्री रहा। बारां जिले में बारिश का दौर जारी रहा। कस्बाथाना, देवरी में रात से सुबह तक बारिश हुई। सुबह 8 बजे तक बीते 24 घंटे में शाहाबाद में 113, छबड़ा में 33, मांगरोल 21, छीपाबड़ौद 20, अटरू में 17 एमएम बारिश दर्ज की गई। बंूदी जिले में बादलों की मेहरबानी रही। सुबह हल्की बारिश हुई। बाद में बादल छाए रहे, लेकिन बरसे नहीं। दोपहर बाद कुछ देर के लिए धूप खिली। अधिकतम तापमान 33.5 व न्यूनतम 25.5 डिग्री रहा। झालावाड़ जिले में सुबह से हल्की बूंदाबांदी हुई। अधिकतम तापमान 30 व न्यूनतम 25 डिग्री रहा।