
घर के बाहर बंधा बैनर टूटने से बवाल , भाजपा- कांग्रेस कार्यकर्ताओं में झड़प
कोटा/ सांगोद. विनोदकलां गांव में भाजपा कार्यकर्ता के साथ मारपीट करने व धमकाने का कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर गुरुवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी प्रत्याशी के साथ करीब पौन घंटे तक सांगोद थाने पर प्रदर्शन किया। बाद में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के आश्वासन व पीडि़त की रिपोर्ट लेने पर मामला शांत हुआ। पीडि़त ने इस मामले में कांग्रेस के तीन कार्यकर्ताओं के खिलाफ नामजद थाने में रिपोर्ट दी।
पीडि़त रमेश नायक ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उसके घर के सामने दोनों राजनीतिक दलों के बैनर व बंदनवार बंधे हुए थे। ये बुधवार रात अज्ञात वाहन से टूट गए। इस बात को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता हरिओम मीणा, शिवा मीणा व बालकिशन मीणा सुबह घर पहुंचे और झगड़े पर आमादा हो गए। विरोध करने पर उन्होंने घर में घुसकर मारपीट की। बचाव में आए परिजनों को भी पीटा। इसके बाद फिर घर आकर धमकाया।
फिर पहुंचे थाने, दी शिकायत
थाने पहुंचे भाजपा प्रत्याशी ने आरोप लगाया कि धमकी के चलते रमेश व उसका पूरा परिवार दिन भर घर में कैद रहा। शाम को सूचना मिली तो उन्होंने स्वयं कार्यकर्ता के घर पहुंचकर उसे बाहर निकाला और सांय करीब सवा सात बजे थाने लेकर पहुंचे। सूचना के बाद यहां बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एकत्रित हो गए तथा प्रदर्शन करने लगे। पुलिस उपअधीक्षक जसवीर मीणा व थानाधिकारी महेन्द्र मीणा ने मौके पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं को समझाया तथा पीडि़त कार्यकर्ता की शिकायत ली। इसके बाद कार्यकर्ता लौट गए। इस शिकायत पर पुलिस जांच कर कार्रवाई करेगी।
योगी कोटा-बारां में चार जगह सभा को करेंगे सम्बोधित
कोटा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बाद अब हाड़ौती में एक दिसम्बर को भाजपा के स्टार प्रचारक और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आएंगे। योगी की कोटा और बारां जिले में चार विधानसभा क्षेत्र में सभाएं होगी। योगी के जाते ही 3 दिसम्बर को बूंदी में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह आएंगे और चुनावी सभा को सम्बोधित करेंगे।
योगी आदित्यनाथ एक दिसम्बर को लखनऊ से विशेष विमान से रवाना होकर सुबह 9.30 बजे कोटा पहुंचेंगे। यहां कुन्हाड़ी में स्टेडियम में सभा को सम्बोधित करेंगे। 11 बजे अंता में, 12 बजे बारां में सभा को सम्बोधित करेंगे। इसके बाद डेढ़ बजे रामगंजमंडी पहुंचेंगे। यहां भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में सभा को सम्बोधित करेंगे। इसके बाद अजमेर जिले की मसूदा विधानसभा में सभा के लिए रवाना होंगे। योगी उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार हाड़ौती के दौरे पर आ रहे हैं।
Published on:
29 Nov 2018 10:23 pm
