शहर में फागोत्सव की धूम जारी रही। रविवार को देर रात तक फागोत्सव मनाए गए, कहीं सोमवार को भजनों की रसधार बही और श्रद्धालुओं ने भगवान के संग होली खेली। केशवपुरा टीचर्स कॉलोनी स्थित चौथमाता मंदिर में श्रीगणेश नवयुवक मंडल की ओर से फागोत्सव मनाया गया। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। आयोजन के दौरान मनभावन झांकियां सजाई। श्रद्धालुओं ने राधाकृष्ण के संग नृत्य किया। इस दौरान फूलों की बरसात भी हुई व जयकारे गूंजे। आज बिरज में होली रे रसिया.., नेनन में श्याम बसा लियो...सरीखे भजन गूंजे। कार्यक्रम संयोजक चन्द्रसिंह, मनीष काबरा व सुरेश चंदेल समेत अन्य कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम के प्रारंभ में पूजा-अर्चना की।