
दुकान ही नहीं अब तो गली,मोह्हले, घर-घर बिक रही है शराब...
कोटा. शहर में हर गली मौहल्ले में अवैध शराब बेचने का धंधा खुलेआम चल रहा है। कोई घर में रखकर शराब बेच रहा तो कोई ब्रांच के नाम से थड़ी लगाकर। ऐसा भी नहीं है कि पुलिस या आबकारी विभाग को जानकारी न हो। यह अवैध शराब बेचने का धंधा इनकी मिलीभगत से ही फलफूल रहा है।
ऐसा ही एक मामला बुधवार को सुभाषनगर वाम्बे योजना के पास मस्जिद गली में सामने आया। जहां चाय की थड़ी पर अवैध रूप से देशी शराब बेची जा रही है। स्थानीय लोगों की शिकायत पर पत्रिका टीम ने मौके पर जाकर देखा कि चाय की दुकान पर एक युवक अवैध रूप से देशी शराब बेच रहा था।
चाय की दुकान का काउण्टर लगाकर बैठे युवक लक्ष्मीनारायण से जब देशी शराब का पव्वा मांगा तो उसने तुरंत काउण्टर का ताला खोलकर उसमें रखे कार्टन से निकालकर दे दिया और उसकी पचास रुपए मांगी। जब उससे कहा कि यह दुकान तुम्हारी है तो उसने कहा कि यह तो रंगबाड़ी रोड स्थित बबलू बना व करण सिंह की देशी शराब की दुकान की ब्रांच है।
यह ब्रांच रामवतार जागा ने ले रखी है मैं तो यहां काम करता हूं। इसी दौरान रामवतार जागा भी दुकान पर पहुंच गया और उसने कहा कि करणसिंह ने मुझे ब्रांच दे रखी है। काउण्टर में रखे शराब के कार्टन का फोटो खींचा तो उसने काउण्टर के ताला लगा दिया और सड़क पर जाकर खड़ा हो गया।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि अतिक्रमण कर एक व्यक्ति ने चाय का काउण्टर लगा लिया। यहां अवैध रूप से देशी शराब सुबह ६ बजे से ही देर रात मिलती है। इस दुकान पर लोगों को बैठाकर भी शराब पिलाई जाती है। जिससे लड़ाई-झगड़े होते रहते हैं। लोगों ने बताया कि पिछले दो साल से इस अवैध दुकान के खुलने के बाद से बस्ती के लोगों का जीना दूभर हो गया है।
वहां रहने वाले लोगों ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि साहब यहां शराब के साथ गांजा भी बेचा जाता है। पुलिस को भी इस अवैध शराब के धंधे की शिकायत की, लेकिन कुछ नहीं हुआ। दो माह पहले शिकायत पर महावीर नगर पुलिस मौके पर आई तो अवैध रूप से शराब बेच रहे युवक को दो पेटियों के साथ पकड़कर ले गई थी।
लेकिन दो दिन बाद फिर से अवैध शराब बेचने का काम शुरू कर दिया। करेंगे कार्रवाई & किसी भी शराब की दुकान की कोई ब्रांच नहीं होती है। अगर सुभाषनगर में मुक्तिधाम के पास ऐसी कोई ब्रांच चल रही है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। घनश्याम मीणा, सहायक आबकारी अधिकारी।
Updated on:
07 Mar 2019 08:13 pm
Published on:
07 Mar 2019 01:12 pm
