
सांगोद क्षेत्र के मालबाड़ी गांव के पास क्षतिग्रस्त वेन और बाइक।
कोटा/सांगोद.
कोटा-सांगोद मार्ग पर सोमवार दोपहर मालबावड़ी के पास हंसी खुशी बाइक पर जा रहे एक परिवार पर नियति ने कहर बरपा दिया। वेन-मोटर और साइकिल भिडं़त ने इस परिवार की सारी खुशियां छीन ली। हादसे में परिवार के मुखिया बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई वहीं पत्नी समेत दो बच्चे गंभीर घायल हो गए। घायलों को 108 एम्बुलेंस से सांगोद अस्पताल लाया गया जहां से तीनों को प्राथमिक उपचार कर कोटा रैफर कर दिया। शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। अपनी हंसती खेलती दुनिया उजडऩे से अभी वह घायल महिला अंजान है।
जानकारी के अनुसार चारचौमा निवासी रामस्वरूप मेघवाल (35) उसकी पत्नी मांगी बाई (35), पुत्री शिवानी (8) व पुत्र चीकू (5) के साथ बाइक से सांगोद क्षेत्र के कुराडियाखुर्द पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने आ रहा था। रास्ते में कोटा-सांगोद मार्ग पर कोटड़ी गांव के पास सामने से तेज गति से आ रही वेन ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर सवार परिवार के चारों जने काफी दूर जा गिरे। सिर में गंभीर चोट लगने से बाइक चला रहे रामस्वरूप की मौके पर ही मौत हो गई। पत्नी व दोनों बच्चे भी गंभीर रुप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर इन्हें 108 एम्बुलेंस से सांगोद अस्पताल लाया गया। जहां से तीनों को गंभीर हालत में कोटा रैफर कर दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक का आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। वेन का भी आगे वाला का हिस्सा काफी अंदर धंस गया।
खुशियां हुई काफूर
रामस्वरूप मजूदरी कर परिवार का गुजर बसर करता था। सोमवार को वो हंसी-खुशी सपरिवार पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा था, लेकिन हादसे ने परिवार की सारी खुशियां छीन ली। पत्नी मांगी बाई गंभीर घायल है और पति की मौत से अनभिज्ञ है। परिवार में अब कोई कमाने वाला नहीं होने से मांगीबाई के सामने समस्या हो गई है।
Published on:
02 Jul 2019 07:00 am
