दुष्कर्म के दोषसिद्ध आरोपित गुरमीत राम रहीम के समर्थकों की पंजाब हरियाणा में हिंसा के चलते कोटा मंडल से गुजरने वाली कई ट्रेनें शनिवार को भी रद्द रहीं। रविवार को भी ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा। कोटा-श्री माता वैष्णो देवी कटरा एक्सप्रेस रद्द होने के कारण हाड़ौती के करीब 1 हजार यात्रियों को यात्रा स्थगित करनी पड़ी। रद्द होने वाली ट्रेनों में ज्यादातर ट्रेनें कटरा तक जाती हैं, एेसे में टिकट निरस्त कराने वाले यात्रियों में वैष्णोदेवी जाने वाले यात्रियों की संख्या में सर्वाधिक है।
टिकट निरस्त कराने आए महादेव प्रसाद अग्रवाल ने बताया कि दो माह पहले वैष्णोदेवी जाने के लिए आरक्षण कराया, लेकिन एनवक्त पर ट्रेन निरस्त हो गई। इन्द्रा अग्रवाल ने कहा, सरकार को वहां हालात को देखते पहले ही सुरक्षा का इंतजाम करना चाहिए था।
पश्चिम मध्य रेलवे की ओर से कोटा से जबलपुर के लिए नई ट्रेन का संचालन शुरू किया गया है। यह सेवा शुक्रवार से शुरू हो गई। पहले यह ट्रेन कोटा से कटनी के बीच पैसेंजर ट्रेन के रूप में ही चलती थी। लेकिन अब इस ट्रेन को जबलपुर तक बढ़ाते हुए एक्सप्रेस के रूप में अपग्रेड किया है। इसमें तृतीय श्रेणी वातानुकुलित और शयनयान श्रेणी के कोच लगाए गए हैं।
Read More:
कोटा में रेलवे स्टेशन फूंका, दर्जन भर ट्रेनें रद्द, डेरा आश्रम पर पुलिस जाप्ता तैनात
गाड़ी संख्या 19809 कोटा से शाम 7 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 10.45 बजे जबलपुर पहुंचेगी। इस तरह गाड़ी संख्या 19810 जबलपुर-कोटा एक्सप्रेस जबलपुर से अपराह्न 3.15 बजे रवाना होकर दूसरे दिन सुबह 6.25 बजे कोटा जंक्शन पर पहुंचेगी। कोटा-जबलपुर-कोटा एक्सप्रेस प्रतिदिन चलेगी।
यह ट्रेन कोटा मंडल के चंद्रेसल, दीगोद, श्रीकल्याणपुरा, भौंरा, अंता, बिजोरा, सुंदलक, बारां, छजावा, पीपलोद रोड, अटरू, सालपुरा, कैसोली, छबड़ा गुगोर, भूलोन, मोतीपुरा चौकी और धरनावाद स्टेशन पर ठहरेगी।