
साढ़े चार बरस की मासूम के बलात्कारी को आखिरी सांस तक कैद
कोटा. साढ़े चार वर्ष की बालिका से करीब चार वर्ष पूर्व बलात्कार करने के मामले में पोक्सो न्यायालय ने अभियुक्त को आखिरी सांस तक जेल व 25 हजार रुपए के अर्थदंड से दंडित किया।
विशिष्ट लोक अभियोजक महेन्द्र सिंह निर्भय ने बताया कि 19 जनवरी 2015 को बालिका ने परिजनों ने साथ कोटा ग्रामीण पुलिस के बूढ़ादीद थाने में पहुंचकर दर्ज करवाई रिपोर्ट में बताया कि 12 जनवरी 2015 की शाम को करीब सात बजे वह उसकी बहन के साथ गांव में लग्न के एक कार्यक्रम में खाना खाने गई थी। जहां रणजीत उर्फ रैकी उसे गोद में उठाकर उसके घर ले गया तथा उससे बलात्कार किया। परिजनों ने जब उसे दो दिन बाद नहलाया तो मामले की जानकारी लगी। इस पर उन्होंने बूढ़ादीद थाने में मामला दर्ज करवाया। इस मामले में पोक्सो न्यायालय ने 16 गवाहों के बयान के आधार पर सोमवार को आरोपी रणजीत उर्फ रैकी को अंतिम सांस तक कैद व 25 हजार रुपए के अर्थदंड से दंडित किया।
इधर ..नवविवाहित दम्पती ने जहर खाकर दी जान
कोटा.गुमानपुरा थाना क्षेत्र के कोटड़ी इलाके में सोमवार सुबह नवविवाहित दम्पती ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। पति की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि पत्नी ने देर रात दम तोड़ दिया।
सीआई मनोज कुमार सिकरवार ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 10 बजे मकान मालिक चंद्रप्रकाश ने कमरा बंद देख दरवाजा खटखटाया। किराएदार दम्पती से कोई जवाब नहीं आने पर दरवाजे को धक्का दिया तो दरवाजा खुला हुआ था। कमरे में दोनों पलंग पर अचेत अवस्था में पड़े हुए थे तथा उनके मुंह से झाग आ रहे थे। यह देख उन्होंने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने दोनों को एमबीएस चिकित्सालय पहुंचाया। उपचार के दौरान पति मूलत: जवाहर कॉलोनी फरीदाबाद निवासी खुशमीत सिंह पंजाबी (25) की मौत हो गई। जबकि पत्नी बूंदी जिले के लाखेरी निवासी ज्योति पंजाबी (20) की उपचार के दौरान देर रात मौत हो गई। दोनों ने करीब डेढ़ माह पूर्व कमरा किराए पर लिया था। ज्योति नर्सिंग की तैयारी कर रही थी, जबकि खुशमीत निजी कंपनी में नौकरी कर रहा था।
सुसाइड नोट मिला
पुलिस को घटनास्थल से कीटनाशक की शीशी व सुसाइड नोट मिला है। सुसाइट नोट में मर्जी से आत्महत्या करने के लिए माता पिता से माफी मांगी है। माता पिता के मोबाइल नंबर भी सुसाइड नोट में लिखे मिले। सुसाइड नोट में दोनों ने एक ही चिता में अंतिम संस्कार करने की इच्छा जाहिर की है।
Published on:
25 Mar 2019 11:22 pm
