
मृतक की फोटो: पत्रिका
Missing Student Found: कोटा के बोरखेड़ा थाना क्षेत्र में रहकर नीट की तैयारी कर रहे मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के खिलचीपुर निवासी छात्र लोकेश डांगी का शव सोमवार को अंता के पास नहर में मिला। छात्र पिछले 6 दिनों से लापता था। शव मिलने के बाद अंता थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस के अनुसार लोकेश 17 फरवरी को अपने हॉस्टल से निकला था जिसकी गुमशुदगी बोरखेड़ा थाने में दर्ज कराई गई थी। हॉस्टल से बाहर निकलते हुए वह सीसीटीवी कैमरे में नजर आया लेकिन इसके बाद उसका कोई सुराग नहीं मिला।
दो दिन बाद कैथून थाना क्षेत्र से गुजर रही दाईं मुख्य नहर के किनारे उसके जूते, चप्पल, टोपी और मोबाइल फोन बरामद हुए थे। इसके बाद से ही पुलिस ने सर्च अभियान तेज कर दिया था।
लोकेश की तलाश में पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें लगातार नहर क्षेत्र में खोजबीन कर रही थीं। करीब पांच दिन तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद सोमवार दोपहर कोटा से लगभग 40 किलोमीटर दूर अंता के पास नहर में उसका शव मिला।
बताया जा रहा है कि छात्र की सगाई हो गई थी और परिजन पढ़ाई के बाद शादी करने की तैयारी कर रहे थे। आखिरी बार छात्र की उसकी मंगेतर से ही बात हुई थी। छात्र के परिजन 17 फरवरी से ही कोटा में ही रहकर उसकी तलाश में जुटे थे। शव मिलने की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजन बिलख पड़े।
Updated on:
24 Feb 2026 12:49 pm
Published on:
24 Feb 2026 12:48 pm
