
हाड़ौती भट्टी की तरह तपा, दोपहर बाद छाए बादल, लू के थपेड़ों से मिली राहत
कोटा. कोटा शहर समेत जिले में गुरुवार को भीषण गर्मी व लू के चलते लोग परेशान रहे। दोपहर बाद बादलों की आवाजाही से लू के थपेड़ों से कुछ राहत मिली। गुरुवार को शहर का तापमान 45 डिग्री दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 33.7 डिग्री सेल्सियस रहा। पूरा हाड़ौती पिछले तीन दिनों से भट्टी की तरह तप रहा है।
बारां शहर समेत जिले में दोपहर को बादलों की आवाजाही ने पिछले तीन दिन से पड़ रही भीषण गर्मी से राहत दी। गुरुवार को शहर का अधिकतम तापमान 45 डिग्री दर्ज किय। न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह से ही तेज धूप ने गर्मी के स्तर को बढ़ा दिया था।
बूंदी जिले में दोपहर बाद बादल छाए। शाम 6 बजे के लगभग अचानक मौसम ने करवट बदली और धूल भरी हवाएं चली। सुबह सूर्य देव के तेवर तीखे रहे। लोग दिनभर गर्मी से बचाव का जतन करते रहे। अधिकतम तापमान 46 व न्यूनतम 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया।
झालावाड़ जिले में भीषण गर्मी रही। जिले में दिनभर गर्म हवाएं चली। दुपहिया वाहनों पर निकलने वाले लोग लू से बचने का जतन करते नजर आए। अधिकतम तापमान 45 व न्यूनतम 29 डिग्री रहा।
Published on:
28 May 2020 09:31 pm
