17 जून 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rahul Gandhi in Kota: छात्रों के बीच मंच पर पहुंचे राहुल गांधी, युवाओं का उमड़ा हुजूम

Rahul Gandhi Kota Visit: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी चार्टर विमान से आज कोटा पहुंचे। हवाई अड्डे पर कांग्रेस नेताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। राहुल गांधी कोटा के दशहरा मैदान में छात्रों और युवाओं से संवाद कर रहे हैं।

2 min read
Google source verification

कोटा

image

Kamal Mishra

Jun 17, 2026

Rahul Gandhi

Rahul Gandhi: कोटा के दशहरा मैदान में छात्रों के बीच राहुल गांधी (फोटो-INC)

कोटा। राहुल गांधी बुधवार को चार्टर विमान से कोटा पहुंचे, जहां हवाई अड्डे पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, कांग्रेस नेता सचिन पायलट और एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ समेत कई नेताओं ने उनका अभिनंदन किया।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शिक्षा नगरी कोटा में आयोजित 'कोटा महारैली' में मंच पर पहुंचकर युवाओं और छात्रों को संबोधित कर रहे हैं। राहुल गांधी ने मंच पर बुलाकर कुछ छात्र-छात्राओं से संवाद भी किया। मंच से राहुल गांधी शिक्षा व्यवस्था, रोजगार, पेपर लीक, प्रतियोगी परीक्षाओं की चुनौतियों और युवाओं के भविष्य से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा कर रहे हैं।

राहुल गांधी मंच से क्या बोले?

मंच से राहुल गांधी ने कहा कि 'कोटा में आप सबके सामने खड़े होकर मुझे बहुत खुशी और सम्मान महसूस हो रहा है। मैं यह साफ कर देना चाहता हूं, कि यह कोई राजनीतिक कार्यक्रम नहीं है। यह आपके और आपके भविष्य के बारे में है। आज की शाम आपके बारे में है। आप किन हालात से गुजर रहे हैं और रोजाना किन चुनौतियों का सामना करते हैं, इस बारे में है।'

कांग्रेस नेताओं में उत्साह

राहुल गांधी की कोटा यात्रा को लेकर कांग्रेस नेताओ मं उत्साह देखने को मिल रहा है। कांग्रेस नेता टीकाराम जूली ने कहा कि राहुल गांधी देश के युवाओं की आवाज बनकर कोटा पहुंचे हैं और यहां से उठने वाली आवाज केवल छात्रों की नहीं, बल्कि देश के भविष्य, न्याय और युवाओं के अधिकारों से जुड़े सवालों को मजबूती से सामने रखेगी। राहुल गांधी के दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भी खासा उत्साह है। हवाई पट्टी से लेकर कार्यक्रम स्थल तक स्वागत की व्यापक तैयारियां की गई हैं।

राहुल गांधी ने अपनी यात्रा को लेकर किया ट्वीट

राहुल गांधी बुधवार को कोटा के लिए रवाना होने के दौरान छात्रों के मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार पर हमलावर नजर आए। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि सीकर के उमेश और देहरादून की रिया ने री-नीट के दबाव में आत्महत्या कर ली। 22 और 23 वर्ष के इन युवाओं की मौत को उन्होंने "टूटी और भ्रष्ट व्यवस्था" का परिणाम बताते हुए इसके लिए मोदी सरकार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को जिम्मेदार ठहराया। राहुल गांधी ने कहा कि छात्रों के सपनों को टूटने से बचाने और अभिभावकों को ऐसी पीड़ा से बचाने के लिए कोटा से एक नई लड़ाई की शुरुआत की जाएगी।

राहुल गांधी की यात्रा को लेकर सियासी माहौल गरम

राहुल गांधी के दौरे से पहले कोटा का सियासी माहौल भी गरमा गया। कांग्रेस और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। कांग्रेस ने स्वागत से जुड़े बैनर-पोस्टर हटाने का आरोप लगाया, जबकि ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि छात्रों को राजनीति नहीं, बल्कि अपने भविष्य की चिंता है। वहीं कांग्रेस का दावा है कि कोटा से उठने वाली 'छात्रों की गूंज' देशभर में शिक्षा व्यवस्था और युवाओं के अधिकारों से जुड़े सवालों को मजबूती से उठाएगी।