
चेचट के निकट खेड़ली में ताकली नदी की रपट पर बहता पानी।
कोटा/रामगंजमंडी.
जिले भर में बुधवार को हुए मानसून के धमाकेदार आगाज की रंगत गुरुवार को दिनभर और देर रात तक जारी रही। रामगंजमंडी क्षेत्र में इस दौरान 2 इंच पानी बरसा। ताकली नदी में उफान आ गया जिससे खेड़ली-अमझार मार्ग तीन घंटे बंद रहा। सातलखेड़ी क्षेत्र में खाळ बहने लगे। बुधवार रात भर बूंदाबांदी का दौर रहा। गुरुवार सुबह साढ़े सात बजे से साढ़े गयारह बजे तक रिमझिम बरसात हुई। बरसात से लाइम स्टोन खदानों में पत्थर उत्पादन कार्य पूरी तरह ठप रहा। रामगंजमंडी में इस वर्ष अभी तक 139 मिमी. बरसात रिकॉर्ड की गई है।
बुधवार रात से गुरुवार शाम पांच बजे तक यहां 2 इंच बरसात रिकॉर्ड की गई। अभी तक साढ़े पांच इंच से ज्यादा बरसात यहां 30 जून से 5 जुलाई के बीच में हुई है। बुधवार रात को हुई बरसात से लाइम स्टोन की खदानों में झीरी मशीन से कट नहीं लग पाए तो गुरूवार को रिमझिम बरसात से पत्थर खदानों में उत्पादन ठप रहा। सुबह के समय बरसात से कई विद्यालयों में विद्यार्थियों की उपस्थिति नगण्य रही। किसान दिन के समय में बरसात ठहरने पर खाद बीज की दुकानों पर खरीदारी करते नजर आए तो बरसातियां व बरसाती जूते चप्पल का व्यापार भी खूब चला।
बरसाती नाला अवरुद्ध, खेतों में पानी घुसा: खैराबाद में बरसाती नाला अवरुद्ध होने से खेतों में बरसाती पानी घुसने लगा है। इस आशय की शिकायत लेकर गुरुवार को ग्रामीणों ने उप जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा।
ताकली में उफान, तीन घंटे मार्ग अवरुद्ध
रामगंजमंडी के चेचट कस्बे में बुधवार सांय शुरू हुई बारिश रुक- रुक कर कभी तेज तो कभी हल्की गुरुवार दोपहर तक जारी रही। ताकली सहित नदी नालों में उफान आ गया। खेड़ली में नदी की रपट पर पानी आने से खेड़ली-अमजार मार्ग तीन घण्टे अवरुद्ध रहा। उफान के दौरान रपट पार करते समय पैर फिसलने से कंवरपुरा निवासी लटूर चौबदार (50) नदी में बह गया। करीब 25 फीट आगे वह स्वयं तैरकर सुरक्षित निकल गया।
दो बार बंद हुआ मार्ग: खेड़ली-अमजार मार्ग दो बार बंद हुआ। बुधवार रात हुई तेज बारिश से आए उफान से सुबह सात बजे मार्ग बन्द हो गया। एक घंटे बाद पानी उतरने पर फिर यह मार्ग सुचारू हो गया। दुबारा फिर गुरुवार दिन में हुई तेज बारिश के कारण आए उफान से अपरान्ह बाद तीन बजे रपट पर दो फीट पानी आने से मार्ग अवरुद्ध हो गया जो शाम साढ़े पांच बजे सुचारू हुआ। खेडारुद्धा की नदी में भी उफान आ गया। इससे हाइवे लिंक मार्ग स्थित रपट पर पानी आने से मार्ग अवरुद्ध हो गया था।
बहने लगे खाळ
सातलखेड़ी कस्बे सहित सहित आसपास के क्षेत्र में बुधवार शाम से मानसून मेहरबान रहा। बारिश से गर्मी की उमस से निजात मिली, मौसम सुहावना हो गया।
बुधवार शाम को हल्की बूंदाबांदी प्रारम्भ हुई जो रात भर जारी रही। गुरुवार सुबह लोगों की नींद खुली तो मौसम साफ मिला। लेकिन सुबह साढ़े सात बजे बारिश का दौर वापस प्रारम्भ हो गया। करीब एक घण्टे मूसलाधार बारिश हुई। उसके बाद करीब ग्यारह बजे तक हल्की बारिश का क्रम चलता रहा। उसके बाद बारिश थमी व शाम तक मौसम खुला रहा। लेकिन आसमान में बादल छाए रहे। कुछ देर के लिए धूप भी निकली। लगातार बारिश से जहां गर्मी व उमस से लोगों को निजात मिली वहीं गलियारों सडकों पर पानी बह निकला। गुरुवार सुबह हुई तेज बारिश से उपरी इलाकों का पानी सिमट कर नालों-खाळों में आया। निमाना, कुदायला, पीपाखेडी के खाळ बह निकले।
Published on:
05 Jul 2019 06:00 am
