Kota Mahashivratri Procession Big Case : कोटा के सकतपुरा इलाके की काली बस्ती में महाशिवरात्रि के अवसर पर निकाली जा रही शिव बारात बिजली की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गई। जिससे 18 लोग झुलस गए। इस दुर्घटना के बाद हा-हाकार मच गया। आनन फानन में झुलसे लोगों को एमबीएस अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस दुर्घटना की सूचना के बाद ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर एक्शन में आ गए। इसके बाद ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने शुक्रवार को कोटा के सकतपुरा में करंट की चपेट में आने से बच्चों के झुलसने के मामले की विभागीय जांच के निर्देश दिए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही हीरालाल नागर कोटा के एमबीएस अस्पताल पहुंचे और वहां भर्ती बच्चों एवं उनके परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को बच्चों के बेहतर उपचार एवं देखभाल के निर्देश दिए।
बताया जा रहा है कि कोटा में महाशिवरात्रि पर कुछ बच्चे शिव बारात निकाल रहे थे। इसी दौरान उनके हाथों में लिए झंड़ों के बिजली के तारों के संपर्क में आने से यह हादसा हो गया।