
photo - patrika
राजस्थान के कोटा में दिल दहला देने वाली सड़क दुर्घटना ने पूरे शहर को झकझोर दिया। अनंतपुरा थाना क्षेत्र में गुरुवार को भामाशाह मंडी पुलिया के पास एक तेज रफ्तार कैंटर ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में 25 वर्षीय महिला संगीता की मौके पर ही जान चली गई। सबसे दर्दनाक बात यह है कि उसके पति सुनील कुमार की मौत भी ठीक एक महीने पहले सड़क हादसे में हो चुकी थी। अब दोनों की चारों छोटी बेटियां पूरी तरह अनाथ हो गई हैं।
पुलिस के अनुसार यह हादसा उस वक्त हुआ जब एक कैंटर चालक ने अचानक तेज रफ्तार में यू-टर्न लिया। उसी दौरान पीछे से आ रही बाइक उसके पिछले टायर की चपेट में आ गई। बाइक पर संगीता अपने जेठ रामसिंह और रिश्तेदार लोकेश के साथ सवार थी। संगीता गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे पहले न्यू मेडिकल कॉलेज और फिर एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
संगीता कोटा के अनंतपुरा क्षेत्र के घोसी मोहल्ले की रहने वाली थी। पति की मौत के बाद वह परिवार की जिम्मेदारी उठाने के लिए मजदूरी करने लगी थी। रिश्तेदारों का कहना है कि वह हर दिन सुबह जल्दी निकलती और शाम को लौटती थी, ताकि चारों बेटियों के लिए दो वक्त की रोटी जुटा सके। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था—3 सितंबर को पति की मौत के ठीक एक महीने बाद, 3 अक्टूबर को वह खुद भी सड़क हादसे की शिकार हो गई।
संगीता के चारों बच्चियों की उम्र 2 से 8 साल के बीच बताई जा रही है। पिता की मौत के बाद मां ही उनका सहारा थी। अब दोनों के जाने के बाद घर में सन्नाटा पसरा है। मोहल्ले के लोग और रिश्तेदार बेटियों की परवरिश को लेकर प्रशासन से मदद की गुहार लगा रहे हैं। अनंतपुरा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कैंटर चालक को गिरफ्तार कर लिया है और वाहन जब्त कर लिया गया है। एएसआई उदय सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
Updated on:
04 Oct 2025 01:33 pm
Published on:
04 Oct 2025 01:33 pm
बड़ी खबरें
View Allकोटा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
