
रनवे के लिए चल रहा समतलीकरण का काम (फोटो-पत्रिका)
कोटा। दो दशक से अधिक समय से कोटा की राजनीति की धुरी बने कोटा के ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट का सपना अब हकीकत में उड़ान भरने की तैयारी में है। 7 मार्च को होने वाले शिलान्यास समारोह की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। एयरपोर्ट परिसर में ही हेलीपैड बनाया गया है। विशाल डोम बनाया जा रहा है, जहां बड़ी सभा की तैयारी है।
शिलान्यास समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का वीडियो संदेश सुनाया जाएगा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट प्रोजेक्ट को मिशन के रूप में लेकर चल रहे थे। वे लगातार शीर्ष स्तर पर प्रयास कर रहे थे। ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट लोकसभा अध्यक्ष का ड्रीम प्रोजेक्ट है।
शिलान्यास के पहले बुधवार को पत्रिका टीम ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट स्थल पहुंची और तैयारियों को देखा। प्रशासन की ओर से शिलान्यास कार्यक्रम को लेकर जोर-शोर से तैयारियां की जा रही हैं। ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट पर सड़क, समतलीकरण, हेलीपैड निर्माण, डोम बनाने का काम अंतिम चरण में है। इसके अलावा पुलिस सुरक्षा संबंधी तैयारियां की जा रही हैं।
कोटा में एयरपोर्ट समेत महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट का शिलान्यास लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केन्द्रीय नागरिक एवं उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू और मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा करेंगे। ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा और भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश जैन तैयारियों में जुटे हैं।
समारोह में कोटा और बूंदी जिले के कस्बों से लेकर गांवों तक के लोगों की भागीदारी रहेगी। इस हिसाब से डोम तैयार किया जा रहा है। प्रशासन की ओर से सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआइ) की ओर से इसकी जोर-शोर से तैयारियां की जा रही हैं।
कोटा में प्रदेश के सबसे बड़े ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट पर एयर साइड के तहत अन्तरराष्ट्रीय स्तर का रन-वे बनाने के लिए युद्ध स्तर पर काम चल रहा है। इसके साथ ही एयरपोर्ट की चारदीवारी का काम भी तेजी से चल रहा है। एयर साइड के काम के तहत अन्तरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार रन-वे पर के लिए अर्थ वर्क का काम किया जा रहा है। इसके अलावा सिटी साइड के टेंडर भी हो चुके हैं।
दिल्ली की आहलूवालिया कांट्रेक्ट्स इंडिया लिमिटेड को कार्य मिला है। ऐसे में अब एयर साइड के साथ सिटी साइड का काम भी शुरू हो जाएगा। कोटा के नए ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट पर एयर साइड का टेंडर वर्क हरियाणा के गुरुग्राम की कंपनी केसीसी बिल्डकॉन कर रही है।
अधिकारियों ने बताया कि एयरपोर्ट पर सबसे अहम रन-वे का काम होता है। ऐसे में रन-वे के लिए अर्थ वर्क सबसे महत्वपूर्ण होता है। एयरपोर्ट के रन-वे के लिए चिह्नित भूमि पहले से ही चट्टानी होने से ठोस है। ऐसे में यह रन-वे बनाने के लिए उपयुक्त है। यहां रन-वे बनाने के लिए लेवल से ऊंची चट्टानों को हटाया जा रहा है, वहीं गड्ढों की फीलिंग की जा रही है।
ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट पर कंपनी टेंडर के तहत 3.2 किमी लंबा और 45 मीटर चौड़ा रन-वे और 12.5 किमी लंबी और 8 फीट ऊंची चारदीवारी, इलेक्ट्रिफिकेशन, एयरक्राफ्ट एप्रिन, लैंड लेवलिंग और कुछ सड़कें बनाने का काम शुरू हो गया है। एयरपोर्ट पर ड्रेनेज सिस्टम, रेन वाटर हार्वेस्टिंग भी बनाया जाएगा। रन-वे के लिए ग्रास लगाने का काम भी किया जाएगा। एयर स्ट्रिप के दोनों तरफ 7.5 मीटर का पेव्ड शोल्टर, सेफ्टी एरिया बनाया जाएगा।
Updated on:
04 Mar 2026 11:18 pm
Published on:
05 Mar 2026 06:00 am
बड़ी खबरें
View Allकोटा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
