
यात्रा से पहले हाड़ौती के किसानों को मिली बड़ी सौगात...
कोटा। नॉर्दन बाइपास में जमीन अवाप्ति का बढ़ी हुई दर से मुआवजा देने की मांग को लेकर आंदोलित किसानों को गौरव यात्रा से पहले बड़ी सौगात मिल गई है। किसानों को अब नगर विकास न्यास छह करोड़ का मुआवजा देगी। विधायक भवानीसिंह राजावत किसानों को बढ़ी दर से मुआवजा दिलाने के लिए लगातार प्रयासरत थे। उन्होंने दिल्ली जाकर में केन्द्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और मंत्रियों से मुलाकात कर नॉर्दन बाईपास का बढ़ा हुआ मुआवजा शीघ्र देने की मांग की थी।
नॉर्दन बाइपास में करीब चार सौ किसानों की जमीन अवाप्त हुई है। इसमें से 400 किसानों ने तो मुआवजा ले लिया था, लेकिन पचास किसान बढ़ी दर से मुआवजे की मांग पर अड़े हुए थे। यह मामला राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्रालय (मॉर्थ ) न्यायालय में चला गया था और वहां इस बात की आपत्ति थी कि बढ़ा हुआ 6 करोड़ का मुआवजा वो नहीं दिया जा सकता है। राजावत ने बताया कि मुख्यमंत्री और स्वायत्त शासन मंत्री श्रीचंद कृपलानी से लगातार आग्रह किया कि मामला भले ही न्यायालय में विचाराधीन रहे, लेकिन किसानों को न्याय मिले। इसके लिए नगर विकास न्यास अभी किसानों को भुगतान कर दें, इस बात को सरकार ने गम्भीरता से लिया और शनिवार को जयपुर में कृपलानी की अध्यक्षता में प्रमुख शासन सचिव पवन गोयल, प्रभारी सचिव आलोक के साथ बैठक हुई। जिसमें कोटा नगर विकास न्यास द्वारा भेजे गये प्रस्ताव कि उन्हें भुगतान करने में आपत्ति नहीं है, इस प्रस्ताव को राज्य सरकार ने स्वीकृत कर दिया और मंजूरी दे दी। अब न्यास शीघ्र ही किसानों को 6 करोड़ के मुआवजे का भुगतान करेगी। इस परियोजना से प्रभावित जिन किसानों की जमीन की डीएलसी रेट कम थी उन्हें भी डीएलसी रेट बढ़ाकर 10 प्रतिशत बोनस और 2011 से अब तक का 9 प्रतिशत ब्याज सहित मुआवजा मिलेगा। जिससे गांवड़ी, नयागांव, नोटाना, रामखेडली, पीपल्दा शेखान, बृजेशपुरा गांवों के 63 किसान लाभान्वित होंगे।
बांटी मिठाइयां
मुआवजा राशि बढ़ाने की जानकारी मिलने पर प्रभावित किसान खुशी से झूम उठे। उन्होंने विधायक राजावत के कार्यालय में पहुंचकर उन्हें फू लमालाओं से लाद दिया और लडडू खिलाकर मुंह मीठा करवाया। किसानों के प्रतिनिधिमण्डल में नॉर्दन बाईपास किसान संघर्ष समिति के अध्यक्ष नन्दलाल मीणा, हेमराज नागर, उपाध्यक्ष बृजराज मीणा, भैरूशंकर गुर्जर, पूर्व संयोजक बद्रीलाल मीणा, जगजीत सिंह, मनोज नागर, राजेन्द्र प्रजापत, अर्जुन सिंह, महेन्द्र गुर्जर, महावीर गुर्जर, राजेन्द्र मीणा, निर्मल सिंह आदि प्रमुख थे।
पत्रिका सबसे आगे
गौरव यात्रा से पहले नॉर्दन बाइपास की जमीन अवाप्ति किसानों की जमीन का मुआवजा बढ़ाने की खबर सबसे पहले शनिवार के अंक में पत्रिका ने प्रकाशित कर किया था। इसमें कहा था कि किसानों को यात्रा से पहले सौगात मिल सकती है।किसानों के आंदोलित होने के कारण पिछले 6 महीने से निर्माण कार्य रूका हुआ था।
Updated on:
15 Sept 2018 09:01 pm
Published on:
15 Sept 2018 08:59 pm
