बारां जिले नाहरगढ़ थाना क्षेत्र के खल्दी गांव निवासी एक किशोरी की शनिवार को सर्पदंश से मृत्यु हो गई। पुलिस ने बताया कि कल्दी गांव निवासी सोनी (15) शनिवार सुबह खेत पर रखवाली करने गई थी। वहां उसे सांप ने काट लिया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि किशोरी को सुबह करीब सात बजे सांप ने काटा था। इसके बाद परिजन इलाज कराने के बजाए उसे पैनावदा में किसी तांत्रिक के पास झाड़फूंक कराने ले गए। इलाज नहीं मिलने से तबीयत में सुधार नहीं हुआ और हालत बिगड़ती गई। बाद में उसे जिला अस्पताल ले कर पहुंचे। तब तक सुबह के दस बज गए थे।
तीन घंटे की देरी होने से शरीर में जहर फैल गया। हालांकि जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे आईसीयू में भर्ती कर बचाने का प्रयास किया, लेकिन आधा घंटे बाद उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने यहां जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।