12 जुलाई 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Kota Accident: सेल्फी लेते ही आगे बढ़े तो तेज रफ्तार ट्रक ने कुचला, दोनों दोस्तों की मौत, बाइक के उड़े परखच्चे

उद्योग नगर थाना क्षेत्र के धाकड़खेड़ी के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि उनका एक साथी गंभीर घायल हो गया।
2 min read
Google source verification

कोटा

image

Anil Prajapat

Jul 12, 2026

kota accident

क्षतिग्रस्त बाइक व हादसे पहले ली गई सेल्फी। फोटो: पत्रिका

कोटा। उद्योग नगर थाना क्षेत्र के धाकड़खेड़ी के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि उनका एक साथी गंभीर घायल हो गया। मृतकों की पहचान उम्मेदगंज निवासी अभिषेक (19) और मोनू (20) के रूप में हुई है। वहीं कालू (21) का अस्पताल में उपचार जारी है। शनिवार को न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल की मोर्चरी में दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया।

परिजनों के अनुसार, अभिषेक, मोनू और कालू शुक्रवार रात करीब नौ बजे बाइक से घूमने के लिए रायपुरा से जगपुरा फोरलेन की ओर निकले थे। कैथून रोड फ्लाईओवर पार करने के बाद वे झालावाड़ रोड की ओर करीब 500 मीटर आगे पहुंचे, जहां कुछ देर के लिए रुके। इसी दौरान अभिषेक और मोनू ने मोबाइल से एक सेल्फी भी ली, जबकि कालू पास में पानी पीने चला गया था।

ट्रक ने मारी टक्कर, सड़क​ किनारे गिरे तीनों युवक

कुछ देर बाद तीनों जैसे ही बाइक से आगे बढ़े, पीछे से तेज गति से आए एक ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक सड़क किनारे दूर जा गिरे। हादसे के बाद वहां से गुजर रहे लोगों ने घायलों को संभाला और परिजनों को सूचना देने के साथ एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। गंभीर चोटों के कारण अभिषेक और मोनू ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया, जबकि कालू का उपचार जारी है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

उद्योग नगर थाने के एएसआइ सायर सिंह ने बताया कि रात करीब साढ़े 11 बजे कंट्रोल रूम से हादसे की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर तीनों युवक अचेत अवस्था में मिले। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि किसी अज्ञात ट्रक ने बाइक को पीछे से टक्कर मारी। घटनास्थल पर ट्रक के टायरों के निशान मिले हैं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हादसे ने छीन लीं दो परिवारों की खुशियां

हादसे ने दोनों परिवारों की खुशियां छीन लीं। मोनू दो भाइयों में बड़ा था। छह माह पहले ही उसकी मां का निधन हुआ था, जबकि पिता लंबे समय से बीमार है। वहीं अभिषेक तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका है।