
मृतक की फाइल फोटो: पत्रिका
UP Man Died Under Suspicious Circumstances: कोटा के कुन्हाड़ी थाना क्षेत्र में लिव-इन में रह रहे एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान UP के इटावा जिले का निवासी शुभम तिवारी (31) के रूम में हुई है। परिजनों ने मौत को संदिग्ध बताते हुए पुलिस को रिपोर्ट दी है। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक के पिता महेश कुमार तिवारी मंगलवार को कोटा पहुंचे और बेटे की मौत को सामान्य न बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। सीआइ कौशल्या गालव ने बताया कि परिजनों की ओर से दी गई रिपोर्ट में उल्लेख किया गया है कि शुभम तिवारी के सीने में दर्द हुआ था। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मर्ग में मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। सीआइ ने बताया कि शुभम पिछले ढाई साल से कुन्हाड़ी थाना क्षेत्र की बालिता रोड स्थित एक मल्टी स्टोरी बिल्डिंग में चंडीगढ़ निवासी 45 वर्षीय महिला के साथ लिव-इन में रह रहा था।
मृतक के पिता महेश कुमार तिवारी ने बताया कि शुभम वर्ष 2014 में रोजगार के सिलसिले में कोटा आया था और यहां एक एग्रीकल्चर कंपनी में काम करता था। वर्ष 2017 में उसका विवाह मैनपुरी निवासी रितु तिवारी से कराया गया था। 2018 में दोनों की एक बेटी भी हुई, लेकिन पारिवारिक विवादों के चलते दोनों के रिश्ते खराब हो गए। वर्ष 2022 में पत्नी ने तलाक का केस दर्ज कराया, जिसके बाद मार्च 2023 से शुभम लिव-इन में रहने लगा।
महिला का कहना है कि शुभम से उसकी मुलाकात बैंक में हुई थी और दोनों ने आपसी सहमति से साथ रहने का फैसला किया था। उसे शुभम के पारिवारिक हालात की पूरी जानकारी थी। वहीं मृतक के पिता ने आरोप लगाया है कि लिव-इन के दौरान शुभम और महिला के बीच अक्सर झगड़े होते थे और इसी कारण वे बेटे की मौत को संदिग्ध मान रहे हैं।
Published on:
31 Dec 2025 11:55 am
