
फ़ोटो सोर्स: पत्रिका, एसिड अटैक के आरोपी गिरफ्तार
कुशीनगर में शुक्रवार को रामकोला थाना क्षेत्र के मोरवन टोला इमलिया गांव में युवती और उसकी मां पर तेजाब फेंकने की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने महज 10 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि इस रोंगटे खड़े कर देने वाले कांड में गंभीर रूप से झुलसी युवती की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसकी मां का उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार तड़के करीब 3:30 बजे डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली कि मोरवन टोला इमलिया निवासी 25 वर्षीय काजल यादव पुत्री प्रभुनाथ यादव पर सोते समय दो युवकों ने ज्वलनशील पदार्थ फेंक दिया और मौके से फरार हो गए। इस हमले में काजल के साथ उसकी मां लीलावती भी बुरी तरह झुलस गईं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रामकोला और क्षेत्राधिकारी खड्डा मौके पर पहुंचे। तब तक परिजन दोनों घायलों को जिला अस्पताल ले जा चुके थे, जहां से हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इलाज के दौरान काजल यादव ने दम तोड़ दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए DIG गोरखपुर रेंज एस. चिनप्पा, SP कुशीनगर केशव कुमार और ASP सिद्धार्थ वर्मा ने तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले के जल्द खुलासे के लिए पांच पुलिस टीमों का गठन किया। घायल युवती के भाई अभिषेक यादव की तहरीर पर थाना रामकोला में मुकदमा संख्या 162/2026, धारा 124(1)/103(1) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया। शुरुआती संदेह के आधार पर छोटू कुशवाहा और अभिमन्यु को नामजद किया गया था।
पुलिस ने ताबड़तोड़ कारवाई करते हुए छोटेलाल खरवार पुत्र सुरेश खरवार निवासी कंठी छपरा थाना जटहां बाजार और अनुज कुशवाहा पुत्र महेंद्र कुशवाहा निवासी सुखारी छपरा थाना नेबुआ नौरंगिया को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि मृतका काजल यादव और छोटेलाल खरवार के बीच प्रेम प्रसंग था। युवती द्वारा बातचीत बंद करने और शादी तय होने की जानकारी मिलने से नाराज होकर छोटेलाल ने अपने साथी के साथ मिलकर इस खौफनाक साजिश को अंजाम दिया। आरोपितों ने बताया कि वे खिड़की के रास्ते छत पर चढ़े और सो रही युवती पर तेजाब डालकर फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपित छोटेलाल खरवार बिहार के गोपालगंज से तेजाब लेकर आया था। इस कड़ी में पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना प्रभारी रामकोला धनवीर सिंह, कप्तानगंज थानाध्यक्ष दीपक सिंह और स्वाट प्रभारी स्वतंत्र सिंह अपनी-अपनी टीमों के साथ शामिल रहे।
Updated on:
10 Apr 2026 11:52 pm
Published on:
10 Apr 2026 11:52 pm
