
कुशीनगर में डबल मर्डर (फोटो- पत्रिका)
कुशीनगर में एक सनसनीखेज घटना हुई है। यहां तमकुहीराज थाना क्षेत्र के बसडीला गांव में जीजा ने गोली मारकर अपनी साली की हत्या कर दी। इसके बाद खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। गोली की आवाज सुनते ही परिजन मौके पर पहुंचे तो जीजा-साली खून से सने जमीन पर पड़े थे। परिजनों के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने वाला जीजा आज सुबह बिहार के गोपालगंज से अपने ससुराल आया था।
आरोपी जीजा ने साली को बात करने के बहाने कमरे में बुलाया, जब तक वह कुछ समझती तभी उसने दरवाजा बंद कर लिया और अचानक साली के कनपटी पर तमंचा सटाकर फायर कर दिया। साली की हत्या इसके बाद उसने खुद भी कनपटी पर सटाकर गोली मार ली, युवक बिहार के कुचायकोट के धर्मचक गांव का रहने वाला था। अभी 9 महीने पहले उसकी शादी हुई थी, फिलहाल चर्चाओं का बाजार गर्म है।
जानकारी के मुताबिक, कुशीनगर जिले के तमकुहीराज थाना क्षेत्र के बसडिला बुजुर्ग गांव के शंभू प्रजापति ने अपनी बड़ी बेटी की शादी 9 महीने पहले बिहार के गोपालगंज जिले के कुचायकोट थाना क्षेत्र के धर्मचक गांव निवासी जितेंद्र प्रजापति से की थी। परिजनों ने बताया कि सुबह जितेंद्र करीब सात बजे अकेले ही ससुराल आया था। नाश्ता-पानी करने के बाद सुबह करीब 8:00 बजे उसने अपनी साली नैना से बातचीत के बहाने कमरे में बुलाया और अंदर से कुंडी लगा ली।
कुछ देर बाद उसने साली की कनपटी पर तमंचा सटाकर गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर घर के लोग दौड़कर पहुंचे। कमरा खोलने की कोशिश की, लेकिन कमरा अंदर से बंद था। तभी एक और गोली की आवाज सुनाई दी। खिड़की से झांक कर देखा तो दोनों के शव फर्श पर पड़े हुए थे, दोनों के सिर लहूलुहान थे।
घटना की सूचना मिलते ही तमकुहीराज थाना प्रभारी गिरजेश उपाध्याय मौके पर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। SDM तमकुहीराज आकांक्षा मिश्रा और CO जयंत यादव भी घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद दरवाजा तोड़कर दोनों शवों को बाहर निकाला और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। CO जयंत यादव ने बताया कि बसडीला बुजुर्ग गांव में युवक ने अपनी साली की हत्याकर खुद सुसाइड कर लिया है। मौके से तमंचा बरामद किया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Updated on:
13 May 2026 04:35 pm
Published on:
13 May 2026 04:27 pm
बड़ी खबरें
View Allकुशीनगर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
