Google Pixel 11 Pro, फोटो सोर्स-X (@GoogleIndia)
Google Pixel 11 Pro Teaser: गूगल ने अपने आगामी फ्लैगशिप स्मार्टफोन पिक्सल 11 प्रो (Pixel 11 Pro) का नया प्रमोशनल टीजर जारी किया है। इस वीडियो में कंपनी ने पहली बार पिक्सल ग्लो (Pixel Glow) नाम के नए विजुअल फीचर की झलक दिखाई है। इसके अलावा टीजर में गूगल ने अपने AI इकोसिस्टम को भी प्रमुखता से दिखाया है, जहां अलग-अलग गूगल Apps और सेवाएं एक-दूसरे के साथ सहज तरीके से काम करती नजर आती हैं। कंपनी इस स्मार्टफोन को अपने AI-पावर्ड इकोसिस्टम के मुख्य डिवाइस के रूप में पेश कर रही है।
यह नया वीडियो गूगल के आस्क मोर ऑफ योर फोन (Ask More Of Your Phone)कैंपेन का हिस्सा है। इसमें दिखाया गया है कि Gemini, जीमेल (Gmail), गूगल मैप्स (Google Maps), गूगल सर्च (Google Search), कैलेंडर (Calendar), डॉक्यूमेंट्स (Docs) और गूगल फोटोज (Google Photos) जैसी सेवाएं रोजमर्रा के कामों को आसान बनाने के लिए एक-दूसरे के साथ कैसे काम करती हैं।
टीजर के जरिए कंपनी यह संदेश देने की कोशिश कर रही है कि Pixel स्मार्टफोन सिर्फ एक डिवाइस नहीं, बल्कि गूगल के AI इकोसिस्टम का सबसे प्रभावी माध्यम है।
जारी किए गए टीजर में स्मार्टफोन की केवल एक झलक दिखाई गई थी। वहीं, नए वीडियो में Pixel 11 Pro का रियर पैनल भी नजर आता है। फोन में गूगल का परिचित हॉरिजॉन्टल कैमरा बार डिजाइन बरकरार रखा गया है, जिसे इस बार पहले की तुलना में अधिक स्पष्ट रूप से दिखाया गया है।
नए टीजर का सबसे चर्चित फीचर Pixel Glow है। यह कैमरा मॉड्यूल के चारों ओर दिखाई देने वाला नया सर्कुलर लाइटिंग इफेक्ट है। वीडियो में यह रोशनी कैमरे के चारों ओर पिनव्हील की तरह घूमती हुई दिखाई देती है। हालांकि, गूगल ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि यह फीचर किस तरह काम करेगा और इसका वास्तविक उपयोग क्या होगा।
अब तक सामने आए टीजर्स और लीक्स के आधार पर माना जा रहा है कि Pixel Glow नोटिफिकेशन, AI इंटरैक्शन या अन्य सिस्टम एक्टिविटी के लिए विजुअल इंडिकेटर का काम कर सकता है। हालांकि, कंपनी ने इस फीचर की आधिकारिक जानकारी फिलहाल साझा नहीं की है।
गूगल ने पुष्टि की है कि मेड बाय गूगल (Made by Google 2026) इवेंट 12 अगस्त को न्यूयॉर्क में आयोजित किया जाएगा। इस इवेंट में कंपनी Pixel 11 Pro के अलावा Pixel 11, Pixel 11 Pro XL, Pixel 11 Pro Fold और अन्य नए हार्डवेयर प्रोडक्ट्स भी पेश कर सकती है।
फिलहाल गूगल ने Pixel 11 Pro की आधिकारिक कीमत का ऐलान नहीं किया है। हालांकि, विभिन्न लीक्स के मुताबिक भारत में Google Pixel 11 Pro की शुरुआती कीमत करीब 1,09,999 रुपये हो सकती है। वहीं, कंपनी लॉन्च इवेंट के दौरान स्मार्टफोन के फीचर्स, कीमत और उपलब्धता से जुड़ी पूरी जानकारी साझा करेगी।
Updated on:
30 Jul 2026 03:59 pm
Published on:
30 Jul 2026 03:59 pm
